समाचार · हरियाणा
महेंद्रगढ़ भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष बनीं दीपिका:डॉ. अर्चना ठाकुर को प्रदेश उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी, प्रदेश अध्यक्ष ने जारी की सूची
हरियाणा भाजपा महिला मोर्चा ने प्रदेश स्तर पर नई कार्यकारिणी घोषित की है। प्रदेश अध्यक्ष ऋचा पेहवा ने 15 पदाधिकारियों, 16 कार्यकारिणी सदस्यों और 27 जिला अध्यक्षों की नियुक्ति की है। नई नियुक्तियों में महेंद्रगढ़ की डॉ. अर्चना ठाकुर को प्रदेश उपाध्यक्ष बनाया गया है। पाली मंडल की अध्यक्ष दीपिका को महिला मोर्चा का महेंद्रगढ़ जिला अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। दोनों ने पार्टी नेतृत्व का आभार जताया और संगठन को मजबूत करने के लिए काम करने की बात कही। डॉ. अर्चना ठाकुर 2015 से संगठन में सक्रिय डॉ. अर्चना ठाकुर 2015 से संगठन में सक्रिय हैं। शुरुआत में उन्हें महिला मोर्चा की प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य बनाया गया था। इसके बाद उन्हें प्रदेश सोशल मीडिया की जिम्मेदारी मिली। उन्होंने प्रदेश मंत्री और जिला मंत्री सहित कई जिम्मेदारियां संभालीं। अब उन्हें प्रदेश उपाध्यक्ष बनाया गया है। ठाकुर ने कहा कि संगठन ने उन्हें जो जिम्मेदारी दी है, वह महिलाओं को संगठन से जोड़ने, महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने और समाज में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए काम करेंगी। दीपिका 2022 में चुनीं गई थीं सरपंच दीपिका को नवंबर 2022 में गांव माजरा खुर्द का सरपंच चुना गया था। फरवरी 2023 में उन्हें हरियाणा सरपंच एसोसिएशन का प्रदेश उपाध्यक्ष बनाया गया। फरवरी 2025 में वह भाजपा पाली मंडल, महेंद्रगढ़ की अध्यक्ष बनीं। जून 2025 में उन्हें जिला कष्ट निवारण समिति, महेंद्रगढ़ का सदस्य बनाया गया। अब उन्हें महिला मोर्चा का जिला अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। दोनों नियुक्तियों से क्षेत्र के भाजपा कार्यकर्ताओं में खुशी का माहौल है। नवनियुक्त पदाधिकारियों ने पार्टी के शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे संगठन की नीतियों और विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने तथा महिलाओं को पार्टी से जोड़ने के लिए पूरी मेहनत और समर्पण से कार्य करेंगी।