समाचार · छत्तीसगढ़
ट्रक ने बुलेट को मारी टक्कर, 2 युवकों की मौत:जगदलपुर-बीजापुर NH-63 पर हुआ हादसा, एक्सीडेंट के बाद ट्रक भी पलटा, चालक फरार
छत्तीसगढ़ में जगदलपुर-बीजापुर नेशनल हाईवे-63 पर ट्रक की टक्कर से बुलेट सवार दो युवकों की मौत हो गई। हादसा 23 नवंबर की शाम को डिलमिली बाजार चौक के पास हुआ। दोनों युवक केशलूर से दंतेवाड़ा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे ट्रक ने उनकी बुलेट को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रक भी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। मामला कोड़ेनार थाना क्षेत्र का है। मृतकों की पहचान हेमराज जोशी (30) और नरपत जोशी के रूप में हुई है। हेमराज राजस्थान के जोधपुर जिले का रहने वाला था और वर्तमान में बस्तर जिले के केशलूर में रहकर कपड़े की दुकान में काम करता था। मर्ग इंटीमेशन रिपोर्ट के मुताबिक, हादसे में हेमराज के सिर, पैर और हाथ में गंभीर चोटें आई थीं। वहीं, दूसरे मृतक नरपत जोशी की भी हादसे में जान चली गई। टक्कर के बाद सड़क किनारे पलटा ट्रक जानकारी के मुताबिक, दोनों युवक बुलेट बाइक क्रमांक CG04PM6995 से केशलूर से दंतेवाड़ा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान ट्रक क्रमांक CG18S2771 ने डिलमिली बाजार चौक के पास उनकी बाइक को टक्कर मार दी। बताया जा रहा है कि ट्रक की रफ्तार काफी तेज थी। हादसे के बाद ट्रक सड़क किनारे पलट गया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। दोनों युवकों को एंबुलेंस की मदद से अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। आज 24 नवंबर की शाम पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए। ये युवक मूलतः राजस्थान के रहने वाले थे। इनके शवों को राजस्थान लेजाया जाएगा। ट्रक चालक की तलाश में जुटी पुलिस कोड़ेनार थाना प्रभारी विजय पटेल ने बताया कि हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया है। उसकी तलाश की जा रही है। पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।