Tuesday, 10 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · छत्तीसगढ़

छठ पर रेलवे ने बदले 3 ट्रेनों के प्लेटफॉर्म:रायपुर स्टेशन पर 14 नवंबर तक प्लेटफॉर्म-7 से होगा संचालन, 15 नवंबर को चलेगी पूजा स्पेशल

INT News10 November 2026 at 01:56 pm

छठ पूजा के दौरान यात्रियों की भीड़ को देखते हुए रायपुर रेल मंडल ने खास व्यवस्था की है। इसके तहत बिहार जाने वाली तीन ट्रेनें 14 नवंबर तक रायपुर स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-7 से रवाना होंगी। इनमें 15160 दुर्ग-छपरा सारनाथ एक्सप्रेस, 15232 गोंदिया-बरौनी एक्सप्रेस और 13287 दुर्ग-आरा साउथ बिहार एक्सप्रेस शामिल हैं। इन ट्रेनों से सफर करने वाले यात्री गुढ़ियारी की ओर बने प्रवेश द्वार से सीधे प्लेटफॉर्म-7 पर पहुंच सकेंगे। त्योहार के दौरान स्टेशन पर भीड़ बढ़ने की आशंका को देखते हुए रेलवे ने यह व्यवस्था की है। यात्रियों की सुरक्षा और आने-जाने की सुविधा के लिए भी जरूरी इंतजाम किए गए हैं। 15 नवंबर को दुर्ग से चलेगी स्पेशल ट्रेन यात्रियों की सुविधा के लिए दुर्ग-निजामुद्दीन-दुर्ग के बीच पूजा स्पेशल ट्रेन भी चलाई जा रही है। इसका अगला फेरा 15 नवंबर को दुर्ग से रवाना होगा। गाड़ी संख्या 08751 दुर्ग-निजामुद्दीन स्पेशल सुबह 10:45 बजे दुर्ग से चलेगी और 11:20 बजे रायपुर पहुंचेगी। यहां पांच मिनट रुकने के बाद आगे रवाना होगी। ट्रेन अगले दिन सुबह 11:10 बजे निजामुद्दीन पहुंचेगी। 16 नवंबर को होगी वापसी वापसी में गाड़ी संख्या 08752 निजामुद्दीन-दुर्ग स्पेशल 16 नवंबर को दोपहर 12:30 बजे निजामुद्दीन से रवाना होगी। यह ट्रेन मथुरा, आगरा कैंट, वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी, सागर, दमोह और कटनी मुड़वारा होते हुए अगले दिन सुबह 4:18 बजे उमरिया पहुंचेगी। इसके बाद शहडोल, अनूपपुर, पेंड्रारोड और उसलापुर होते हुए दोपहर 12:10 बजे रायपुर पहुंचेगी। यहां पांच मिनट रुककर दोपहर 1:45 बजे दुर्ग पहुंचेगी। 20 कोच के साथ चलेगी ट्रेन पूजा स्पेशल में कुल 20 कोच रहेंगे। इनमें 4 जनरल, 11 स्लीपर, 2 एसी थर्ड, 1 एसी सेकंड और 2 एसएलआरडी कोच शामिल हैं। ट्रेन का ठहराव रायपुर, उसलापुर, पेंड्रारोड, अनूपपुर, शहडोल और उमरिया स्टेशनों पर रहेगा। इससे छत्तीसगढ़ से उत्तर भारत जाने वाले यात्रियों को सुविधा मिलेगी। यात्रा से पहले देख लें समय-सारिणी रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि स्टेशन पहुंचने से पहले ट्रेन के समय और प्लेटफॉर्म की जानकारी जरूर ले लें। ट्रेन की जानकारी रेलवे की वेबसाइट, एनटीईएस और रेलवन ऐप से भी ली जा सकती है।