समाचार · झारखंड
Jharkhand Tourism: जंगलों के बीच खड़ा है नागवंशी राजाओं का किला, जानिए गुमला के नवरत्नगढ़ का रहस्य

Jharkhand Historical Places: झारखंड की धरती पर कई ऐसी ऐतिहासिक धरोहरें मौजूद हैं, जिनकी पहचान आज भी आम पर्यटकों के बीच बहुत ज्यादा नहीं है. इन्हीं में से एक है गुमला जिले के सिसई प्रखंड स्थित नवरत्नगढ़ का किला. जंगलों, पहाड़ियों और नदियों के करीब स्थित यह किला कभी नागवंशी राजाओं की सत्ता का प्रमुख केंद्र हुआ करता था. आज इसकी दीवारें भले ही खामोश हैं, लेकिन इनके अवशेष उस दौर की राजसी जिंदगी, सुरक्षा व्यवस्था और स्थापत्य कला की कहानी सुनाते हैं. स्थानीय स्तर पर इसे दोयसागढ़ के नाम से भी जाना जाता है. झारखंड पर्यटन विभाग और गुमला जिला प्रशासन की आधिकारिक वेबसाइट के अनुसार, यह किला नागवंशी राजवंश की ऐतिहासिक विरासत का महत्वपूर्ण प्रतीक है.
कभी नागवंशी राजाओं की राजधानी हुआ करता था नवरत्नगढ़
नवरत्नगढ़ का इतिहास छोटानागपुर के नागवंशी राजाओं से जुड़ा हुआ है. यह राजवंश उस क्षेत्र के बड़े हिस्से पर शासन करता था, जिसे आज झारखंड के रूप में जाना जाता है. झारखंड पर्यटन विभाग के अनुसार, नागवंशी शासक बैरीसाल ने अपनी राजधानी खुखरागढ़ से स्थानांतरित कर नवरत्नगढ़ में स्थापित की थी. जंगलों, पहाड़ियों और नदियों के करीब होने के कारण यह स्थान रणनीतिक रूप से भी महत्वपूर्ण था. प्राकृतिक परिस्थितियां इसे सुरक्षा और शासन संचालन के लिहाज से अनुकूल बनाती थीं.
पांच मंजिला महल, हर तल पर नौ कमरों की बनावट
नवरत्नगढ़ की सबसे खास पहचान इसका बहुमंजिला राजमहल है. गुमला जिला प्रशासन की वेबसाइट के अनुसार, यह पांच मंजिला इमारत थी. समय के साथ इसका कुछ हिस्सा जमीन में धंस गया है और आज इसके चार तल दिखाई देते हैं. महल के प्रत्येक तल पर नौ कमरे होने का उल्लेख मिलता है. किले की इसी बनावट और नौ मंजिलों से जुड़ी मान्यता के कारण इसके नाम को नवरत्नगढ़ से जोड़कर देखा जाता है. हालांकि, किले की वास्तविक मंजिलों और नामकरण को लेकर अलग-अलग ऐतिहासिक विवरण मिलते हैं.
महल में था रानी का आवास, खजाना और राजदरबार
नवरत्नगढ़ सिर्फ राजा के रहने का महल नहीं था, बल्कि यह शासन और राजकाज का भी प्रमुख केंद्र था. इसके परिसर में रानी का महल, खजाना घर और राजदरबार मौजूद थे. यहां जगन्नाथ और दुर्गा मंदिर के अवशेष भी मिलते हैं. किले की बनावट में सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा गया था. इसके बाहरी हिस्से में मजबूत दीवारें और पहरेदारों के लिए कमरे बनाये गये थे. महल से रानी के स्नान कुंड तक जाने वाली एक विशेष सुरंग का भी उल्लेख गुमला जिला प्रशासन की वेबसाइट पर मिलता है. यह व्यवस्था उस समय की स्थापत्य समझ और राजपरिवार की निजी सुरक्षा के इंतजामों की झलक देती है.
वाटर गेट, खाई और भूमिगत तहखाना बनाते थे इसे खास
झारखंड पर्यटन विभाग के अनुसार, किले में वाटर गेट और गढ़-खाई यानी सुरक्षा के लिए बनाई गई खाई की व्यवस्था थी. परिसर में दरबार, खजाना घर और भूमिगत तहखाने वाला कारागार भी मौजूद था. इन संरचनाओं से अंदाजा लगाया जा सकता है कि नवरत्नगढ़ को केवल आवासीय महल के रूप में नहीं, बल्कि एक सुरक्षित शाही परिसर के तौर पर विकसित किया गया था. किले की बनावट में चूने के गारे, लाल लाहेरी ईंटों और मुगल तथा जनजातीय स्थापत्य शैली का मेल दिखाई देता है.
निर्माण काल को लेकर अलग-अलग ऐतिहासिक उल्लेख
नवरत्नगढ़ के निर्माण काल को लेकर आधिकारिक विवरणों में थोड़ा अंतर मिलता है. झारखंड पर्यटन विभाग की वेबसाइट पर राजा दुर्जन साल द्वारा 1636 से 1639 के बीच किले के निर्माण का उल्लेख है. इसी वेबसाइट पर एक अन्य विवरण में 1571 में किले के निर्माण से जुड़े साक्ष्य की बात कही गयी है. वहीं, गुमला जिला प्रशासन की वेबसाइट पर इसके निर्माण का समय 1636 से 1640 के बीच बताया गया है. इसलिए किले के निर्माण की सटीक तारीख को लेकर ऐतिहासिक स्रोतों में एकरूपता नहीं है. इतना स्पष्ट है कि नवरत्नगढ़ नागवंशी शासनकाल की एक महत्वपूर्ण ऐतिहासिक धरोहर है.
2009 में मिली विरासत स्थल के रूप में पहचान
नवरत्नगढ़ के ऐतिहासिक महत्व को देखते हुए वर्ष 2009 में इसे संरक्षण के लिए विरासत स्थल के रूप में चिह्नित किया गया. गुमला जिला प्रशासन की वेबसाइट इसे भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) से जुड़ा राष्ट्रीय विरासत स्थल बताती है. आज किले के अवशेष इतिहासकारों, शोधकर्ताओं और विरासत में रुचि रखने वाले पर्यटकों को आकर्षित करते हैं. इसकी दीवारें और पुरानी संरचनाएं नागवंशी राजाओं के शासन, रहन-सहन और कला-कौशल को समझने का अवसर देती हैं.
कैसे पहुंचें नवरत्नगढ़ का किला
नवरत्नगढ़ किला गुमला जिले के सिसई प्रखंड के नगर गांव में स्थित है. गुमला जिला मुख्यालय से इसकी दूरी करीब 40 किलोमीटर बतायी गयी है. झारखंड पर्यटन विभाग और जिला प्रशासन की वेबसाइट के अनुसार, रांची से भरनो और सिसई होते हुए नगर गांव पहुंचा जा सकता है. सड़क मार्ग से यहां की यात्रा कर इस ऐतिहासिक धरोहर को करीब से देखा जा सकता है. नवरत्नगढ़ आज भले ही अपने पुराने वैभव में नहीं है, लेकिन इसके बचे हुए अवशेष झारखंड के समृद्ध इतिहास की याद दिलाते हैं. पांच मंजिला महल, भूमिगत तहखाना, रानी का महल और मंदिरों के अवशेष इसे सिर्फ एक पुराना किला नहीं, बल्कि नागवंशी राजाओं के दौर की जीवंत ऐतिहासिक निशानी बनाते हैं.