समाचार · हरियाणा
90 साल पुरानी संतमत परंपरा निभाने झज्जर पहुंचे कैबिनेट मंत्री:अरविंद शर्मा बोले-राम मंदिर जाने वाले नहीं करते प्रचार,अखिलेश के कार्यक्रम को बताया राजनीतिक ड्रामा
हरियाणा सरकार के कैबिनेट मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा मंगलवार को अपनी करीब 90 साल पुरानी पारिवारिक संतमत परंपरा को निभाने झज्जर पहुंचे। उनके झज्जर स्थित आवास पर लगातार तीन दिनों तक संत कबीर और संत गरीबदास की वाणी का पाठ होगा। इस धार्मिक आयोजन के बीच डॉ. शर्मा ने राजनीतिक मुद्दों पर भी खुलकर अपनी बात रखी। समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के राम मंदिर जाने के कार्यक्रम को उन्होंने राजनीतिक ड्रामा करार दिया। वहीं, जेजेपी की प्रस्तावित रैली को लेकर भी प्रतिक्रिया दी। 90 साल से परिवार निभा रहा संतमत की परंपरा डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि उनके परिवार में संतमत की परंपरा करीब 90 वर्षों से चली आ रही है। परिवार आज भी सामाजिक सहयोग के साथ इस परंपरा को आगे बढ़ा रहा है। तीन दिवसीय आयोजन में कबीर और संत गरीबदास की वाणी का पाठ किया जाएगा। उन्होंने कहा कि संतमत की सबसे बड़ी विशेषता सेवा भाव है। यदि प्रत्येक व्यक्ति सेवा की भावना से काम करे तो समाज में फैली अनेक बुराइयों को समाप्त किया जा सकता है। अखिलेश यादव के राम मंदिर जाने पर राजनीतिक हमला संतमत आयोजन के दौरान राजनीतिक सवालों पर जवाब देते हुए डॉ. शर्मा ने अखिलेश यादव के राम मंदिर जाने के कार्यक्रम पर निशाना साधा। उन्होंने इसे राजनीतिक ड्रामा बताते हुए कहा कि देश की जनता जानती है कि राम भक्तों के साथ इस परिवार ने पहले किस तरह का व्यवहार किया था। उन्होंने कहा कि जो लोग सच्चे भाव और श्रद्धा से राम मंदिर जाते हैं, वे इसका प्रचार नहीं करते। भगवान राम आस्था और श्रद्धा का विषय हैं, इसे राजनीतिक प्रदर्शन का माध्यम नहीं बनाना चाहिए। जेजेपी की रैली पर बोले- हर पार्टी को प्रचार का अधिकार जेजेपी की निकट भविष्य में प्रस्तावित रैली को लेकर पूछे गए सवाल पर कैबिनेट मंत्री ने कहा कि हर राजनीतिक दल अपने-अपने तरीके से पार्टी का प्रचार करता है। रैली करना और जनता के बीच अपनी बात रखना प्रत्येक राजनीतिक दल का अधिकार है।