Tuesday, 10 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · हरियाणा

सोनीपत में 11 ASI सब इंस्पेक्टर बने:पुलिस आयुक्त ममता सिंह ने कंधों पर लगाए स्टार, बोलीं- समाज के प्रति जिम्मेदारी बढ़ी

INT News10 November 2026 at 02:58 pm

सोनीपत पुलिस विभाग में 11 सहायक उप-निरीक्षकों (ASI) को पदोन्नत कर उप-निरीक्षक (SI) बनाया गया है। सोनीपत की पुलिस आयुक्त ममता सिंह ने सभी पदोन्नत अधिकारियों के कंधों पर स्टार लगाकर उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दी। पदोन्नत होने वाले इन जांबाज अधिकारियों में एएसआई सतनारायण, देवेंद्र, सिकंदर, सुरेंद्र, धर्मबीर, कृष्ण कुमार, सुमित कुमार, दरिया सिंह, सुनील, हरपाल तथा विकास (ECC) शामिल हैं। इस अवसर पर पुलिस आयुक्त ममता सिंह ने सभी अधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि पुलिस विभाग में पदोन्नति प्रत्येक अधिकारी की मेहनत, लगन और सेवाकाल के दौरान किए गए कार्यों का एक महत्वपूर्ण पड़ाव होती है। उन्होंने अधिकारियों को संदेश दिया कि इस पदोन्नति के साथ समाज के प्रति उनकी जिम्मेदारियां भी काफी बढ़ गई हैं, इसलिए सभी अधिकारी पूरी ईमानदारी, अनुशासन, निष्ठा एवं कर्तव्यपरायणता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। पुलिस का मकसद पीड़ितों को न्याय दिलाना : ममता सिंह ममता सिंह ने आगे जोर देते हुए कहा कि पुलिस का मुख्य उद्देश्य आमजन की सुरक्षा करना, कानून व्यवस्था बनाए रखना तथा पीड़ितों को न्याय दिलाने में प्रभावी भूमिका निभाना है। सभी अधिकारी अपने अनुभव एवं कार्यकुशलता का उपयोग करते हुए पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाने में योगदान दें। इसके साथ ही उन्होंने अधिकारियों को आमजन के साथ अच्छा व्यवहार रखने और उनकी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित करने की नसीहत दी। अंत में पुलिस आयुक्त ने सभी पदोन्नत अधिकारियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि वे अपनी नई जिम्मेदारी को पूरी लगन एवं समर्पण के साथ निभाएं और सोनीपत पुलिस का नाम गौरवान्वित करें।