समाचार · मध्य प्रदेश
हरदा में महिलाओं ने गोबर से गोवर्धन बनाए:सामूहिक पूजा के बाद फूल, रोली और चावल चढ़ाकर परिक्रमा की
हरदा जिले में मंगलवार को गोवर्धन पूजा का पर्व पारंपरिक रीति-रिवाजों और श्रद्धा के साथ मनाया गया। महिलाओं ने गोवर्धन पर्वत की पूजा कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक सुबह से ही पूजा की तैयारियां शुरू हो गई थीं। ग्रामीण क्षेत्रों में पशुओं को नहलाकर और सजाकर उनकी पूजा की गई। शहर के गोलापुरा मोहल्ले में महिलाओं ने घरों के मुख्य द्वार पर गोबर से गोवर्धन पर्वत और भगवान श्रीकृष्ण की प्रतिमा बनाई। इसके बाद उन्हें पारंपरिक तरीके से सजाया। महिलाओं ने सामूहिक रूप से पूजा-अर्चना की और गोवर्धन पर्वत की परिक्रमा लगाई। इस दौरान फूल, रोली, चावल और अन्य पूजा सामग्री अर्पित की गई। मवेशियों को सजाकर आग के ऊपर से निकाला ग्रामीण इलाकों में भी गोवर्धन पूजा की परंपरा निभाई गई। मंगलवार को पड़वा पर ग्रामीणों ने मवेशियों को नहलाकर उनके शरीर पर रंग-बिरंगे छापे लगाए और सजाया। इसके बाद घर की दहलीज पर जलाई गई आग के ऊपर से मवेशियों को निकाला गया। ग्रामीणों की मान्यता है कि ऐसा करने से मवेशी पूरे साल स्वस्थ रहते हैं और उन्हें बीमारियां नहीं होतीं। यह परंपरा गांवों में पीढ़ी दर पीढ़ी निभाई जा रही है। प्रकृति और गौवंश के प्रति आभार का पर्व गोवर्धन पूजा को प्रकृति, गौवंश और अन्न के प्रति आभार जताने का पर्व माना जाता है। ग्रामीण क्षेत्रों में घरों में पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार पूजा की गई। शाम को गोवर्धन भगवान को जगाने की परंपरा भी निभाई जाएगी।