समाचार · मध्य प्रदेश
दो पक्षों के झगड़े में दो महिलाओं सहित चार घायल:घर में घुसकर महिलाओं और पुरुषों पर किया वार, कुल्हाड़ी, रॉड और डंडे लेकर पहुंचे थे आरोपी
मध्य प्रदेश के पन्ना जिले के अमानगंज थाना क्षेत्र के बमुरहा गांव में पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों में मारपीट हुई। इस दौरान एक ही परिवार के चार लोग घायल हो गए। पुलिस के मुताबिक, बद्रि पटेल, अरविंद पटेल और जवाहर पटेल कुल्हाड़ी, लोहे की छड़ और डंडे लेकर रणजीत पटेल के घर पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने घर के बाहर गाली-गलौज की और हमला कर दिया। हमले में रणजीत पटेल, उनकी मां तेजकुंवर पटेल, मौसी लाडकुंवर और मौसेरे भाई अनिल पटेल घायल हुए। उन्हें अमानगंज सरकारी अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत के चलते जिला अस्पताल पन्ना रेफर किया गया। अमानगंज पुलिस ने रणजीत पटेल की रिपोर्ट पर बद्रि पटेल, अरविंद पटेल और जवाहर पटेल के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 296(बी), 115(2), 118(1), 351(3) और 3(5) के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। परिवार के सदस्य रजनीश पटेल ने कहा कि आरोपियों ने रास्ते में उनके छोटे भाई को घेरकर पीटा। उन्होंने बताया कि बचाने पहुंची मां, मौसी और अनिल पर लोहे की रॉड और कुल्हाड़ी से हमला किया गया। रजनीश के मुताबिक, आरोपी पहले भी मारपीट कर चुके हैं और अब जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। घायल लाडकुंवर ने कहा कि आरोपियों ने बिना वजह हमला किया। उन्होंने बताया कि पहले हुए विवाद में उन्हें आठ टांके आए थे। उन्होंने पुलिस से न्याय की मांग की। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है और घायलों का इलाज जारी है।