समाचार · बिहार
बिहार से गुजरने वाली12 जोड़ी ट्रेनों के रेलवे ने बदल दिए नंबर, सप्तक्रांति और गरीब रथ भी शामिल

Bihar Train News : पूर्व मध्य रेलवे ने 12 जोड़ी ट्रेनों के नंबर बदलने का फैसला किया है. जनवरी 2027 में अलग-अलग तारीखों से ये ट्रेनें नए नंबरों के साथ चलेंगी. रेलवे की ओर से जारी अधिसूचना में मुजफ्फरपुर से आनंद विहार जाने वाली सप्तक्रांति और गरीब रथ के नए नंबर भी बताए गए हैं.
सप्तक्रांति और गरीब रथ के नए नंबर जानिए
मुजफ्फरपुर-आनंद विहार सप्तक्रांति एक्सप्रेस का नंबर 12557 से बदलकर 15577 किया गया है. आनंद विहार से मुजफ्फरपुर आने वाली सप्तक्रांति का नंबर 12558 की जगह 15578 होगा. दोनों ट्रेनें 1 जनवरी 2027 से नए नंबर पर चलेंगी.
मुजफ्फरपुर-आनंद विहार गरीब रथ एक्सप्रेस का नंबर 12211 से बदलकर 14031 किया जाएगा. वापसी में आनंद विहार से मुजफ्फरपुर आने वाली गरीब रथ अब 12212 की जगह 14032 नंबर से चलेगी.
गरीब रथ के नए नंबर अलग-अलग तारीखों से लागू होंगे. आनंद विहार से मुजफ्फरपुर आने वाली ट्रेन 6 जनवरी और मुजफ्फरपुर से आनंद विहार जाने वाली ट्रेन 8 जनवरी 2027 से नए नंबर पर चलेगी.
रक्सौल और दरभंगा से चलने वाली ट्रेनों के नंबर भी बदले
रक्सौल-लोकमान्य तिलक कर्मभूमि एक्सप्रेस का नंबर 12545 से बदलकर 15545 किया जाएगा. इसकी वापसी ट्रेन का नंबर 12546 से बदलकर 15546 होगा. लोकमान्य तिलक से रक्सौल आने वाली ट्रेन 2 जनवरी और रक्सौल से लोकमान्य तिलक जाने वाली ट्रेन 7 जनवरी से नए नंबर पर चलेगी.
दरभंगा-जालंधर सिटी अंत्योदय एक्सप्रेस का नया नंबर 15541 होगा. अभी यह ट्रेन 22551 नंबर से चलती है. वहीं, जालंधर सिटी से दरभंगा आने वाली ट्रेन का नंबर 22552 से बदलकर 15542 किया जाएगा. ये दोनों ट्रेनें क्रमशः 2 और 3 जनवरी से नए नंबरों पर चलेंगी.
इन ट्रेनों के नंबर भी बदलेंगे
रेलवे की सूची में सहरसा-अमृतसर गरीब रथ, हावड़ा-धनबाद ब्लैक डायमंड एक्सप्रेस और पाटलिपुत्र-चंडीगढ़ एक्सप्रेस भी शामिल हैं. इनके अलावा राजगीर-नई दिल्ली श्रमजीवी एक्सप्रेस, पटना-रांची जनशताब्दी और इस्लामपुर-नई दिल्ली मगध एक्सप्रेस के नंबर भी बदले जाएंगे.
टाटा-कटिहार और एरणाकुलम-पटना एक्सप्रेस के नंबरों में भी बदलाव होगा. इन ट्रेनों के नए नंबर 1 से 7 जनवरी 2027 के बीच अलग-अलग तारीखों से लागू किए जाएंगे.
बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें
जनवरी के पहले सप्ताह में लागू होंगे नए नंबर
पूर्व मध्य रेलवे की अधिसूचना के मुताबिक, सभी 12 जोड़ी ट्रेनों के नंबर एक साथ नहीं बदलेंगे. अलग-अलग ट्रेनों के लिए 1 जनवरी से 7 जनवरी 2027 तक की तारीखें तय की गई हैं. इस बदलाव में सप्तक्रांति, गरीब रथ, कर्मभूमि और अंत्योदय एक्सप्रेस जैसी ट्रेनें भी शामिल हैं. यात्रियों के लिए अब इन ट्रेनों के नए नंबर ही रेलवे की जानकारी और टिकट बुकिंग में इस्तेमाल होंगे.
इसे भी पढ़ें: बिहार को 2047 तक विकसित बनाने की तैयारी, 12 और 13 जनवरी को पटना में जुटेंगे 1500 देशी-विदेशी दिग्गज