समाचार · मध्य प्रदेश
सीहोर में किसान के साथ धोखा:140 दिन बाद भी धान में नहीं आईं बालियां, दुकानदार ने 120 दिन का दिया था भरोसा, कृषि मंत्री से मुआवजे की मांग
सीहोर जिले के रेहटी क्षेत्र के गेंहूंखेड़ा गांव में किसान ओमप्रकाश चौहान की धान की फसल 140 दिन से ज्यादा समय बीतने के बाद भी तैयार नहीं हुई। फसल में अब तक बालियां नहीं आई हैं। किसान का आरोप है कि दुकानदार ने 120 दिन में फसल पककर तैयार होने का भरोसा देकर उन्हें बीज बेचा था। अब उन्होंने कृषि मंत्री से शिकायत कर नुकसान का मुआवजा मांगा है। ओमप्रकाश ने 22 जून को रेहटी के चौहान कृषि सेवा केंद्र से IFFDC कंपनी की MTU-7029 किस्म का 300 किलो धान बीज खरीदा था। उनके पास खरीद का बिल और बीज के पैकेट मौजूद हैं। बिल क्रमांक 129 में 300 किलो बीज की कीमत 15 हजार रुपए दर्ज है। बीज के पैकेट पर IFFDC कंपनी का नाम और MTU-7029 किस्म को प्रमाणित बीज बताया गया है। पैकेट के मुताबिक, इसकी पैकिंग मई 2026 में हुई थी। प्रत्येक पैकेट 30 किलो का है, जिस पर अधिकतम कीमत 1,950 रुपए और लॉट नंबर RNV-25-12-194-43 दर्ज है। 20 दिन से जांच के नाम पर टालने का आरोप किसान के मुताबिक, दुकानदार ने बीज की फसल करीब 120 दिन में तैयार होने की बात कही थी। इसी भरोसे पर उन्होंने खेत में बुवाई की। लेकिन 140 दिन से ज्यादा समय गुजरने के बाद भी फसल में बालियां नहीं आईं। ओमप्रकाश का आरोप है कि उन्होंने फसल की स्थिति दुकानदार और कंपनी को बताई, लेकिन करीब 20 दिनों से जांच के नाम पर उन्हें टालमटोल किया जा रहा है। कंपनी का पक्ष जानने के लिए IFFDC से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उपलब्ध फोन नंबर बंद मिला। कृषि विभाग ने जांच का दिया आश्वासन कृषि विभाग बुधनी के ASDO सुभाष मालवीय ने बताया कि किसान की शिकायत उनके संज्ञान में है। उन्होंने संबंधित बीज कंपनी और दुकानदार से बात की है। फसल में बालियां नहीं आने के कारणों का पता लगाने के लिए जांच कराई जाएगी। बीज की गुणवत्ता और खेत में फसल की स्थिति का परीक्षण कराया जाएगा। जांच के आधार पर आवश्यक कार्रवाई होगी और किसान की पूरी मदद की जाएगी। कृषि मंत्री से मुआवजे की मांग किसान ओमप्रकाश चौहान ने कृषि मंत्री के नाम तहसीलदार रेहटी के माध्यम से आवेदन दिया है। इसमें IFFDC कंपनी के MTU-7029 धान बीज की जांच कराने, जिम्मेदारों पर कार्रवाई करने और फसल नहीं मिलने से हुए नुकसान का मुआवजा दिलाने की मांग की गई है। आवेदन की प्रतिलिपि कृषि विभाग के प्रमुख सचिव, कलेक्टर सीहोर और अनुविभागीय अधिकारी राजस्व बुधनी को भी भेजी गई है।