Tuesday, 10 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

शहडोल में बुलेट की टक्कर से युवक की मौत:परिजनों ने हाईवे-43 पर शव रखकर किया प्रदर्शन; बोले-चालक को गिरफ्तार कर वाहन जब्त करें

INT News10 November 2026 at 02:46 pm

शहडोल में सड़क हादसे में युवक की मौत के बाद मंगलवार दोपहर परिजनों और ग्रामीणों ने शहडोल-बुढ़ार नेशनल हाईवे-43 पर शव रखकर प्रदर्शन किया। दोपहर करीब 1 बजे शुरू हुए चक्काजाम के कारण आधे घंटे तक वाहनों की आवाजाही बंद रही। सड़क के दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई। परिजन हादसे के जिम्मेदार बुलेट चालक की गिरफ्तारी और वाहन जब्त करने की मांग कर रहे थे। पुलिस की समझाइश के बाद प्रदर्शन खत्म हुआ और यातायात बहाल हो गया। बुलेट की टक्कर से घायल हुआ था युवक जानकारी के अनुसार, जमुई निवासी बृजेश लोधी सोमवार देर रात बाइक से पेट्रोल पंप जा रहा था। इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार बुलेट सवार ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बृजेश गंभीर रूप से घायल हो गया। बुलेट चालक घायल को मौके पर छोड़कर वाहन सहित फरार हो गया। इलाज के दौरान मेडिकल कॉलेज में तोड़ा दम हादसे के बाद आसपास के लोगों ने घायल बृजेश को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। यहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मंगलवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया। परिजन शव लेकर जमुई पहुंचे, जहां ग्रामीण भी एकत्रित हो गए। गिरफ्तारी की मांग को लेकर किया प्रदर्शन परिजनों और ग्रामीणों ने शव को हाईवे पर रखकर चक्काजाम कर दिया। इससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। बसों और अन्य वाहनों में सवार यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। सूचना मिलने पर सोहागपुर थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। परिजनों ने बुलेट चालक को जल्द गिरफ्तार करने और हादसे में शामिल वाहन जब्त करने की मांग रखी। पुलिस की समझाइश पर खत्म किया चक्काजाम पुलिस अधिकारियों ने परिजनों और ग्रामीणों को कार्रवाई का आश्वासन देते हुए समझाइश दी। करीब आधे घंटे बाद प्रदर्शन खत्म हुआ। इसके बाद हाईवे पर वाहनों की आवाजाही फिर शुरू हो गई।