Tuesday, 10 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · पंजाब

आज शहर के मंदिरों में सजेगा गोवर्धन महाराज का दरबार

INT News10 November 2026 at 05:30 am

| लुधियाना द्वापर युग में प्रकृति, गोवंश और ब्रजवासियों के रक्षणार्थ भगवान श्रीकृष्ण द्वारा कनिष्ठिका अंगुली पर गिरिराज पर्वत धारण करने का पावन प्रसंग आज महानगर में पूरी दिव्यता के साथ साकार होगा। गोवर्धन पूजा एवं अन्नकूट महापर्व के उपलक्ष्य में औद्योगिक नगरी का धार्मिक परिवेश वृंदावन के रंग में रंगा नजर आ रहा है। शहर के प्रमुख देवालयों में गोवर्धन पूजन, अन्नकूट, छप्पन भोग, गिरिराज जी की महापरिक्रमा और संकीर्तन अनुष्ठानों की तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। सुबह से देर रात तक श्रद्धालु प्रकृति व परमात्मा के इस अनूठे समन्वय में शामिल होकर शीश नवाएंगे। इस्कॉन मंदिर जनपथ: शाम को होगी गोवर्धन परिक्रमा व अन्नकूट: कैनाल रोड स्थित इस्कॉन मंदिर जनपथ में गोवर्धन पूजा एवं अन्नकूट महामहोत्सव सायं 5 बजे से श्रद्धापूर्वक मनाया जाएगा। पारंपरिक मृदंग और करताल की मधुर थाप पर हरिनाम संकीर्तन के बीच श्रद्धालु सामूहिक रूप से गिरिराज जी की पावन परिक्रमा कर ब्रज भाव का अनुभव करेंगे। इस अवसर पर भगवान को विविध व्यंजनों का विशाल अन्नकूट महाभोग निवेदित किया जाएगा। विधिवत पूजन-अर्चन और संध्या आरती के उपरांत उपस्थित संगत में महाप्रसादम बांटा जाएगा। श्री स्वामीनारायण मंदिर: आनंद स्वामी बताएंगे गोवर्धन लीला का मर्म: थरीके रोड अयाली चौक फिरोजपुर रोड स्तिथ श्री स्वामीनारायण मंदिर में गोवर्धन पूजा महोत्सव सुबह 10 से दोपहर 1 बजे तक आयोजित होगा। इस अवसर पर प्रकट गुरु हरि आनंद स्वामी महाराज श्रद्धालुओं को द्वापरकालीन गोवर्धन लीला, प्रकृति-पर्यावरण संवर्धन तथा पंचगव्य के सनातन महत्व पर संबोधित करेंगे। उत्सव के दौरान ठाकुर जी को 56 प्रकार के विशिष्ट अन्नों, व्यंजनों व फलों का महाभोग अर्पित करेंगे। संकीर्तन व आरती के उपरांत लंगर प्रसाद वितरित होगा। श्री शिव शक्ति मंदिर: सिविल लाइंस में सजेगा गिरिराज जी का दरबार: वृंदावन रोड पुरानी सिंडिकेट स्ट्रीट सिविल लाइंस स्थित श्री शिव शक्ति मंदिर में श्री राधा माधव संकीर्तन मंडल (सेवक सिद्ध पीठ) के तत्वावधान में गिरिराज संकीर्तन महोत्सव आयोजित होगा। रात्रि 7 से 10 बजे तक चलने वाले इस अनुष्ठान में भगवान गिरिराज का नयनाभिराम श्रृंगार कर उन्हें छप्पन भोग अर्पित किया जाएगा। मंडल के रसिक गायकों द्वारा श्रीहरि के चरणों में भजनों की अमृत रसधारा प्रवाहित की जाएगी। संकीर्तन विश्राम के उपरांत उपस्थित भक्तों में पावन प्रसाद वितरित होगा।