Tuesday, 10 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · हरियाणा

भिवानी में आपसी रंजिश में हमला:घर में घुसकर मारपीट के लगाए आरोप, 8 महीने पुराने विवाद के कारण वारदात, पुलिस को दी शिकायत

INT News10 November 2026 at 08:19 am

भिवानी के गांव हालुवास में आपसी रंजिश में घर में घुसकर मारपीट करने का मामला सामने आया है। यह वारदात करीब 8 माह पुराने विवाद के कारण हुई है। घायलों को उपचार के लिए भिवानी के नागरिक अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। भिवानी के गांव हालुवास निवासी मुरारी शर्मा ने सदर थाना में दी शिकायत में बताया कि रात को जब वे अपने परिवार के साथ घर में पूजन कर रहे थे, तभी 15 से 20 युवक अचानक घर में घुस आए। हमलावरों में से दो युवकों ने मुरारी के सिर पर लोहे की रॉड से वार किया। वहीं चाचा के लड़के नवीन कुमार पर धारदार हथियार से हमला बोला गया। मुरारी की माता संतोष और चाची अनिता देवी को 4-5 युवकों ने घेरकर लाठी-डंडों व धारदार हथियारों से बुरी तरह पीटा। आरोप है कि इस दौरान हमलावरों ने सोने की चेन भी छीन ली और जान से मारने की धमकियां दी। 8 महीने पहले शुरू हुआ था विवाद

शिकायतकर्ता मुरारी शर्मा ने आरोप लगाया कि यह विवाद लगभग 8 महीने पहले शुरू हुआ था। हालांकि पंचायत में समझौता हो गया था और हालुवास के सरपंच को भी बार-बार अवगत कराया गया था। इसके बावजूद आरोपी लगातार परिवार को प्रताड़ित कर रहे थे और जान से मारने की धमकी दे रहे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि हमलावरों से जुड़े कुछ लोग पुलिस महकमे में कार्यरत हैं, जिनकी वजह से मामले में पहले कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने दी गई। इस वारदात में घायलों को भिवानी के नागरिक अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। उन्होंने पुलिस को शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई और सुरक्षा की गुहार लगाई है।