Thursday, 22 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · हरियाणा

झज्जर में जनगणना के दूसरे चरण की तैयारियां शुरू:हर व्यक्ति से पूछे जाएंगे 40 सवाल, अधिकारियों-कर्मचारियों को दिया प्रशिक्षण

INT News22 October 2026 at 02:42 pm

झज्जर में जनगणना-2027 के दूसरे चरण की तैयारियों के लिए गुरुवार को दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू हुआ। डीसी वर्षा खांगवाल के मार्गदर्शन में आयोजित प्रशिक्षण में अधिकारियों और कर्मचारियों को जनगणना की प्रक्रिया व जिम्मेदारियों की जानकारी दी जा रही है। हरियाणा में 10 से 24 जनवरी 2027 तक नागरिक ऑनलाइन स्व-गणना कर सकेंगे। इसके बाद 25 जनवरी से 28 फरवरी तक प्रगणक और पर्यवेक्षक घर-घर जाकर सर्वे करेंगे। जनगणना मोबाइल एप्लीकेशन से होगी और प्रत्येक व्यक्ति से निर्धारित प्रश्नावली के तहत 40 सवाल पूछे जाएंगे। प्रशासन ने कार्य को सटीक और व्यवस्थित तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए हैं। पहले ऑनलाइन खुद दर्ज कर सकेंगे जानकारी डीसी वर्षा खांगवाल ने बताया कि जनगणना-2027 के दूसरे चरण के तहत हरियाणा में 10 जनवरी से 24 जनवरी 2027 तक नागरिक स्व-गणना के माध्यम से ऑनलाइन अपनी जानकारी दर्ज कर सकेंगे। इसके बाद 25 जनवरी से 28 फरवरी 2027 तक प्रगणक और पर्यवेक्षक घर-घर जाकर प्रत्येक परिवार और व्यक्ति से संबंधित जानकारी एकत्रित करेंगे। जनगणना का कार्य मोबाइल एप्लीकेशन के माध्यम से किया जाएगा। निर्धारित प्रश्नावली के अनुसार प्रत्येक व्यक्ति से कुल 40 प्रश्न पूछे जाएंगे। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि जनगणना से संबंधित सभी तैयारियां समय पर पूरी की जाएं, ताकि पूरी प्रक्रिया गंभीरता, सटीकता और जिम्मेदारी के साथ संपन्न हो सके। अधिकारियों को समझाई कार्यप्रणाली प्रशिक्षण कार्यक्रम के पहले दिन जनगणना कार्य से जुड़े डिविजनल प्रभारी ओमप्रकाश और मास्टर ट्रेनर मोहित कुमार ने चार्ज अधिकारियों और कर्मचारियों को जनगणना की प्रक्रिया, कार्यप्रणाली और निर्धारित दिशा-निर्देशों की जानकारी दी। चार्ज अधिकारियों, तकनीकी सहायकों और चार्ज क्लर्क को उनके कार्यों एवं जिम्मेदारियों से अवगत कराया गया। दिशा-निर्देशों के पालन करने पर जोर डिविजनल इंचार्ज ओमप्रकाश ने कहा कि प्रशिक्षण का उद्देश्य जनगणना कार्य को प्रभावी, व्यवस्थित और निर्धारित प्रक्रिया के अनुरूप संपन्न करवाना है। वहीं, मास्टर ट्रेनर मोहित कुमार ने जनगणना के विभिन्न पहलुओं की जानकारी देते हुए अधिकारियों और कर्मचारियों को आपसी समन्वय बनाए रखने तथा दिशा-निर्देशों का पालन करने पर जोर दिया।