Thursday, 22 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · पंजाब

अबोहर में वाल्मीकि समाज ने सीएम का पुतला फूंका:गोलीकांड के आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग, विधायक बोले-AAP आफिस से हटा दें अंबेडर की तस्वीरें

INT News22 October 2026 at 02:54 pm

अबोहर में वाल्मीकि समाज ने गुरुवारको रोष मार्च निकाला और अंबेडकर चौक पर पंजाब के मुख्यमंत्री का पुतला फूंका। यह प्रदर्शन, संत नगर निवासी अजय कुमार गोलीकांड के आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर किया गया। प्रदर्शनकारी मृतक अजय के परिजनों के साथ थे। उन्होंने पंजाब सरकार और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। परिजनों का आरोप है कि अजय ने अपने बयानों में जिन लोगों के नाम बताए थे, पुलिस उन पर कार्रवाई नहीं कर रही है। वाल्मीकि समाज के लोगों ने मामले में निष्पक्ष जांच और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। उन्होंने शिव लाल डोडा को भी मामले में नामजद करने की मांग उठाई। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि जब तक न्याय नहीं मिलता, उनका संघर्ष जारी रहेगा। शिव लाल डोडा को मामले में नामजद करने की उठाई मांग प्रदर्शन के दौरान समाज के लोगों ने आम आदमी पार्टी की अबोहर हलका इंचार्ज डॉ. सुहानी डोडा के ससुर शिव लाल डोडा को भी मामले में नामजद करने की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने उनके खिलाफ नारेबाजी करते हुए पुलिस से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करने की अपील की। इस मौके पर अबोहर के विधायक संदीप जाखड़, भाजपा नेत्री वंदना सांगवाल, भाजपा पार्षद, विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि तथा मृतक अजय का भाई आकाश सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग मौजूद रहे। शिव लाल डोडा ने आरोपों को नकारा दूसरी ओर, शिव लाल डोडा ने अपने ऊपर लगाए जा रहे सभी आरोपों को सिरे से खारिज किया है। उनका कहना है कि अजय गोलीकांड से उनका कोई लेना-देना नहीं है। उन्हें राजनीतिक बदले की भावना के तहत इस मामले में घसीटने का प्रयास किया जा रहा है। डोडा ने कहा कि वह स्वयं चाहते हैं कि अजय पर गोलियां चलाने वाले वास्तविक आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। सरकारी कार्यालयों में महापुरुषों की तस्वीरें लगाने से क्या फायदा: जाखड़ प्रदर्शन में शामिल विधायक संदीप जाखड़ ने पंजाब सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि सरकार ने अपने कार्यालयों में बाबा साहेब डॉ. भीमराव अम्बेडकर और शहीद भगत सिंह की तस्वीरें लगा रखी हैं, लेकिन उनके आदर्शों पर अमल होता दिखाई नहीं दे रहा। उन्होंने कहा कि जिस गरीब परिवार को इस दुख की घड़ी में अपने घर पर होना चाहिए था, वह न्याय की मांग को लेकर सड़कों पर प्रदर्शन करने को मजबूर है। जाखड़ ने कहा कि सरकार को ऐसे मामलों में संवेदनशीलता दिखाते हुए पीड़ित परिवार को न्याय दिलाना चाहिए। विधायक संदीप जाखड़ ने एक्स पर क्या लिखा विधायक संदीप जाखड़ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान को संबोधित करते हुए लिखा- “मान साहब, मेरी आपसे अपील है कि पंजाब में आम आदमी पार्टी के सभी कार्यालयों में लगे बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर और शहीद भगत सिंह जी के चित्रों को हटाकर उनकी जगह फिल्म ‘शोले’ के खलनायक गब्बर सिंह की तस्वीरें लगा दी जाएं। क्योंकि अबोहर में आपकी पार्टी का वास्तविक प्रभारी, जो आपको दरकिनार कर मनीष सिसोदिया जी के माध्यम से पार्टी में आया है, वह खुद को गब्बर कहलवाता है।” इस टिप्पणी के जरिए विधायक संदीप जाखड़ ने अबोहर में आम आदमी पार्टी के स्थानीय नेतृत्व और उसकी कार्यशैली पर तीखा राजनीतिक कटाक्ष किया है।