समाचार · मध्य प्रदेश
रेलवे स्टेशन का बजट 150 से घटाकर 35 करोड़ किया:कूनो संघर्ष समिति ने प्रदर्शन कर रेल मंत्री का पुतला फूंका, पुलिस से झड़प
श्योपुर में गुरुवार को कूनो संघर्ष समिति ने रेलवे स्टेशन पर प्रदर्शन किया। यह 'अमृत भारत स्टेशन योजना' के तहत श्योपुर स्टेशन के लिए घोषित 150 करोड़ रुपए के बजट को घटाकर 35 करोड़ रुपए करने के विरोध में था। प्रदर्शनकारियों ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का पुतला फूंका। इस दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच हल्की छीनाझपटी भी हुई। समिति ने अतुल चौहान के नेतृत्व में राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। इसमें श्योपुर रेलवे स्टेशन के लिए पहले घोषित 150 करोड़ रुपए का बजट बहाल करने की मांग की गई। समिति ने बजट कटौती को श्योपुर के विकास और पर्यटन की संभावनाओं के साथ अन्याय बताया। इतने में विकास कार्य संभव नहीं ज्ञापन में कहा गया कि कूनो राष्ट्रीय उद्यान में चीता परियोजना से श्योपुर की पहचान बढ़ी है। पर्यटन बढ़ने की संभावनाओं को देखते हुए स्टेशन को विश्वस्तरीय सुविधाओं और हेरिटेज लुक के साथ विकसित करना जरूरी है। 35 करोड़ रुपए में यह विकास संभव नहीं होगा। समिति ने श्योपुर-कोटा ब्रॉडगेज रेल लाइन के विस्तार और अन्य स्टेशनों पर भी यात्री सुविधाएं बढ़ाने की मांग की। चेतावनी दी गई है कि बजट कटौती वापस न होने पर आंदोलन तेज किया जाएगा।