समाचार · पंजाब
दिलजीत दोसांझ के फैंस को झटका:सुरक्षा कारणों का हवाला देकर JLN स्टेडियम में होने वाले 30 अक्टूबर के कॉन्सर्ट की अनुमति रद्द की
पंजाबी सिंगर और बॉलीवुड स्टार दिलजीत दोसांझ के फैंस के लिए एक निराश करने वाली खबर सामने आई है। दिल्ली में 30 अक्टूबर 2026 को आयोजित होने वाले उनके 'ऑरा इंडिया टूर' कॉन्सर्ट को दिल्ली पुलिस ने अनुमति देने से इनकार कर दिया है। यह शो राजधानी के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में होना तय हुआ था। हालांकि, सुरक्षा चिंताओं और त्योहारों के सीजन के चलते कानून-व्यवस्था की चुनौतियों को देखते हुए पुलिस ने मंजूरी देने में असमर्थता जताई है।
बुकमाइशो को लिखा पत्र दिल्ली पुलिस के दक्षिण जिला पुलिस उपायुक्त (DCP) कार्यालय ने इस संबंध में इवेंट के आयोजक Book My Show को एक आधिकारिक पत्र भेजा है। पत्र के अनुसार, बुकमायशो ने 14 अक्टूबर 2026 को JLN स्टेडियम में 30 अक्टूबर के कार्यक्रम के लिए अनुमति मांगी थी। पुलिस ने आवेदन की समीक्षा के बाद फैसला लिया कि इस समय बड़े आयोजन की इजाजत नहीं दी जा सकती।
त्योहारों के देखते हुए लिया गया फैसला पुलिस प्रशासन का कहना है कि आगामी त्योहारों के सीजन को देखते हुए राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था और कानून-व्यवस्था बनाए रखना उनकी प्राथमिक जिम्मेदारी है। ऐसे समय में भारी पुलिस बल की तैनाती अन्य महत्वपूर्ण जगहों पर होती है, जिससे कॉन्सर्ट जैसे बड़े आयोजन के लिए पर्याप्त सुरक्षा प्रबंध करना बेहद चुनौतीपूर्ण साबित हो सकता है।
हजारों की संख्या में फैंस के पहुंचने की उम्मीद थी दिलजीत दोसांझ की लोकप्रियता को देखते हुए इस कॉन्सर्ट में हजारों की संख्या में फैंस के पहुंचने की उम्मीद थी। इतनी बड़ी भीड़ का प्रबंधन और सुरक्षा सुनिश्चित करना एक बेहद संवेदनशील पहलू है। सुरक्षा एजेंसियों को मिले इनपुट और त्योहारों के दबाव के चलते फिलहाल इस कॉन्सर्ट पर ब्रेक लग गया है। इस फैसले के बाद 30 अक्टूबर को प्रस्तावित इस शो के भविष्य पर अनिश्चितता के बादल मंडराने लगे हैं। अब हर किसी की निगाहें आयोजकों के अगले कदम पर टिकी हैं कि क्या वे कॉन्सर्ट के लिए नई तारीखों का चयन करेंगे या किसी अन्य वेन्यू पर विचार करेंगे। फिलहाल, दिलजीत के फैंस आधिकारिक बयान का इंतजार कर रहे हैं।