Thursday, 22 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · झारखंड

चक्रधरपुर : दुर्गा पूजा विसर्जन देखने जा रहे 15 वर्षीय किशोर की सड़क हादसे में मौत

INT News22 October 2026 at 02:44 pm

चक्रधरपुर: चक्रधरपुर-सोनुवा मुख्य मार्ग शांति नगर के समीप बुधवार देर शाम हुए सड़क हादसे में 15 वर्षीय किशोर गोनो जोंको की मौत हो गई. वह अपने दो दोस्तों के साथ पैदल दुर्गा पूजा विसर्जन देखने चक्रधरपुर आ रहा था. इसी दौरान तेज रफ्तार बाइक ने तीनों को टक्कर मार दी. हादसे में बाइक सवार समेत चार लोग घायल हो गए. सभी घायलों को तत्काल चक्रधरपुर अनुमंडल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान गोनो जोंको ने दम तोड़ दिया. वहीं, बाइक सवार युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है.

उसे बेहतर इलाज के लिए जमशेदपुर ले जाया गया है. मृतक गोनो जोंको गुलकेड़ा पंचायत के मुरहातु गांव निवासी बागुन जोंको का पुत्र था. बुधवार देर शाम वह अपने दो दोस्तों के साथ दुर्गा पूजा विसर्जन देखने के लिए पैदल चक्रधरपुर आ रहा था.

इसी दौरान शांति नगर के पास तेज रफ्तार बाइक ने तीनों युवकों को अपनी चपेट में ले लिया. टक्कर इतनी जोरदार थी कि पैदल चल रहे तीनों युवक और बाइक सवार घायल हो गए. गोनो जोंको के पिता बागुन जोंको मजदूरी करने के लिए चेन्नई गए हुए हैं. बेटे की मौत की खबर से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. घटना की सूचना मिलने पर गुरुवार को सामाजिक कार्यकर्ता पूर्व सैनिक दयासागर केराई चक्रधरपुर अनुमंडल अस्पताल पहुंचे. उन्होंने आवश्यक प्रक्रिया पूरी कराने और शव के पोस्टमार्टम में सहयोग किया. इस दर्दनाक हादसे से मुरहातु गांव में शोक का माहौल है. त्योहार देखने की खुशी के बीच हुए इस हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं. घटना की सूचना पाकर पुलिस अस्पताल पहुंची और परिजनों से पूछताछ कर आगे की कारबाई में जुट गई है.