Tuesday, 10 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · हरियाणा

गोवर्धन पूजन : कहीं गायों को सजाकर की पूजा, ग्वालों ने बांटा दूध का प्रसाद

INT News10 November 2026 at 05:30 am

| अम्बाला जिले में गोवर्धन पूजन और विश्वकर्मा दिवस श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। कहीं गोबर से भगवान गोवर्धन की प्रतिमा बनाकर पूजा-अर्चना की गई तो कहीं गायों को आकर्षक पेंटिंग से सजाकर उनकी पूजा की गई। मंदिरों में समाजसेवी संस्थाओं की ओर से हवन-यज्ञ आयोजित किए गए और श्रद्धालुओं ने परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। ग्वालमंडी में ग्वालों की ओर से लोगों को निशुल्क दूध प्रसाद के रूप में वितरित किया गया। ग्वालमंडी में गोवर्धन पूजन के अवसर पर ग्वालों ने दूध का प्रसाद बांटकर परंपरा निभाई। वहीं दशहरा मैदान में गायों को अलग-अलग रंगों की पेटिंग से सजाकर लाया गया। श्रद्धालुओं ने गायों का पूजन किया और उनका आशीर्वाद लिया। गोवर्धन पूजन के साथ विश्वकर्मा दिवस भी मनाया गया। इस अवसर पर औद्योगिक इकाइयों, वर्कशॉप और प्रतिष्ठानों में भगवान विश्वकर्मा की पूजा-अर्चना की गई। कारीगरों और श्रमिकों ने अपने काम में इस्तेमाल होने वाले औजारों और मशीनों को साफ कर उनकी पूजा की। लोगों ने बेहतर कामकाज, तरक्की और कारोबार में उन्नति की कामना की। शिव शक्ति धाम में गोबर से बनाई भगवान गोवर्धन की प्रतिमा कैंट के कच्चा बाजार स्थित किर्ची मिर्ची प्याऊ के नजदीक शिव शक्ति धाम मंदिर में गोवर्धन पूजन का आयोजन किया गया। यहां गोबर से भगवान गोवर्धन की प्रतिमा तैयार कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद अटूट भंडारा लगाया गया, जिसमें श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। मंदिरों में आयोजित धार्मिक कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।