Tuesday, 10 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

national

होर्मुज में भारतीय जहाजों की सुरक्षा पर बढ़ी चिंता, सभी पक्षों के संपर्क में भारत, विदेश मंत्रालय का बयान

INT News10 November 2026 at 06:09 pm

Strait of Hormuz: वेस्ट एशिया में जारी तनाव और समुद्री जहाजों पर हमलों की आशंकाओं के बीच भारत ने होर्मुज स्ट्रेट में सुरक्षित आवाजाही की अपील की है. विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने मंगलवार (10 नवंबर) को कहा कि भारत इस अहम समुद्री रास्ते से जहाजों की सुरक्षित, स्वतंत्र और निर्बाध आवाजाही का समर्थन करता है. उन्होंने स्पष्ट किया कि भारतीय ध्वज वाले जहाजों और भारतीय नाविकों की सुरक्षा के लिए सभी संबंधित पक्षों से संपर्क बनाए रखा गया है. इस दौरान उन्होंने ब्रिटेन में गिरफ्तार भारतीय मर्चेंट नेवी के कैप्टन अजय पंत के मामले में भी जानकारी दी.

होर्मुज में भारतीय जहाजों की सुरक्षा पर विदेश मंत्रालय ने क्या कहा?

प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि भारत लगातार मांग कर रहा है कि होर्मुज स्ट्रेट से गुजरने वाले जहाजों को किसी तरह की बाधा या हमले का सामना न करना पड़े. उन्होंने कहा- हम होर्मुज से सुरक्षित, स्वतंत्र और निर्बाध आवाजाही सुनिश्चित करने की अपील करते रहे हैं. विदेश मंत्रालय के मुताबिक- भारत उन सभी पक्षों के संपर्क में है, जिनकी भूमिका इस समुद्री मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में महत्वपूर्ण है.

इसका उद्देश्य नागरिक जहाजों और नाविकों पर हमलों को रोकना है. भारतीय ध्वज वाले जहाजों के साथ अन्य देशों के जहाजों पर कार्यरत भारतीय नाविकों की सुरक्षा भी सरकार की पहली प्राथमिकताओं में शामिल है.

होर्मुज में जहाजों की सुरक्षा को लेकर भारत पहले भी चिंता जता चुका है. अक्टूबर में राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजित डोभाल और उनके ईरानी समकक्ष के बीच हुई बातचीत में भी भारतीय नाविकों और तेल टैंकरों की सुरक्षा का मुद्दा उठा था.

ब्रिटेन में गिरफ्तार कैप्टन अजय पंत का मामला क्या है?

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने ब्रिटेन में गिरफ्तार भारतीय मर्चेंट नेवी के कैप्टन अजय पंत की स्थिति पर भी जानकारी दी. उन्होंने बताया कि अजय पंत पर रूस के तेल व्यापार से संबंधित ब्रिटिश प्रतिबंधों का कथित उल्लंघन करने का आरोप है. ब्रिटिश अधिकारियों ने जून 2026 में उनके जहाज को रोका था. इसके बाद उन्हें हिरासत में लिया गया. ब्रिटेन में उनके खिलाफ कानूनी कार्यवाही चल रही है. हालांकि, आरोपों पर अंतिम फैसला संबंधित अदालत को करना है.

भारतीय उच्चायोग ने कई बार की कैप्टन पंत से मुलाकात

रणधीर जायसवाल ने बताया कि लंदन स्थित भारतीय उच्चायोग लगातार कैप्टन अजय पंत की स्थिति पर नजर रख रहा है. उन्होंने कहा कि भारतीय अधिकारी कई बार कैप्टन पंत से मुलाकात कर चुके हैं, ताकि उनकी सुरक्षा, स्वास्थ्य और अन्य जरूरी सुविधाओं की जानकारी ली जा सके. विदेश मंत्रालय उनके वकीलों और परिवार के सदस्यों के साथ भी संपर्क बनाए हुए है. सरकार का प्रयास है कि उन्हें आवश्यक राजनयिक और कानूनी सहायता मिलती रहे.

9 नवंबर को कैप्टन पंत से मिलने पहुंची थीं पत्नी

विदेश मंत्रालय के मुताबिक भारतीय उच्चायोग ने कैप्टन पंत के परिवार के सदस्यों को उनसे मिलने में भी सहायता प्रदान की है. रणधीर जायसवाल ने बताया कि विशेष रूप से उनकी पत्नी की मुलाकात की व्यवस्था कराई गई थी. उनकी पत्नी ने 9 नवंबर को कैप्टन अजय पंत से मुलाकात की थी.

Also Read: ईरान से युद्ध पर बोले ट्रंप- जंग लगभग खत्म, तेहरान ने परमाणु समझौते के लिए अमेरिका के सामने रखीं 7 शर्तें