Tuesday, 10 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · झारखंड

गिरिडीह के धनपत महतो को याद कर भावुक हुईं टीवी अभिनेत्री दिव्यांका त्रिपाठी, सोशल मीडिया पर लिखी दिल की बात

INT News10 November 2026 at 10:15 pm

गिरिडीह. टीवी सीरियल ‘ये है मोहब्बतें’ से घर-घर में पहचान बनाने वाली अभिनेत्री दिव्यांका त्रिपाठी के लिए इस बार दिवाली का समय बेहद दुखद रहा. मुंबई स्थित उनकी रिहायशी बिल्डिंग में सात नवंबर की रात लगी आग में गिरिडीह जिले के बगोदर प्रखंड के माहुरी गांव निवासी सुरक्षा गार्ड धनपत महतो (60) की मौत हो गयी. इस घटना से अभिनेत्री और उनका परिवार गहरे सदमे में है. दिव्यांका ने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट साझा कर धनपत महतो को याद किया है.

बच्चों के घर आने पर सबसे पहले दिया था आशीर्वाद

दिव्यांका ने अपने पोस्ट में बताया कि जब वह अपने बच्चों को घर लेकर आयी थीं, तो उनका स्वागत करने और आशीर्वाद देने वालों में धनपत अंकल सबसे पहले थे. परिवार ने कभी सोचा था कि जब उनके बच्चे बड़े होंगे, तब भी धनपत उनके जीवन का हिस्सा बने रहेंगे. अभिनेत्री ने लिखा कि कुछ नुकसान ऐसी खामोशी छोड़ जाते हैं, जो कभी पूरी तरह खत्म नहीं होती.

View on Instagram

परिवार के साथ सुरक्षित बाहर निकली थीं अभिनेत्री

दिव्यांका के मुताबिक, आग लगने की रात उनका परिवार घर पर ही था. कहीं बाहर जाने की योजना थी, लेकिन किसी वजह से इसमें देरी हो गयी. इसी दौरान बिल्डिंग में आग लग गयी. परिवार को समय रहते खतरे का पता चल गया और वह अपने बच्चों, परिवार के सदस्यों तथा स्टाफ के साथ सुरक्षित बाहर निकल गयीं.

ये भी पढ़ें: छठ पर सूप-दउरा की बढ़ी बिक्री, भंडराटांड़ के कारीगर बोले- पूंजी और बाजार मिले तो बदल जाएगी तस्वीर

शुरुआत में उन्हें लगा कि आग से केवल सामान का नुकसान हुआ है. लेकिन जब धनपत महतो की मौत की खबर मिली, तो पूरा परिवार टूट गया. दिव्यांका ने लिखा कि वह और उनके पति विवेक इस खबर पर यकीन नहीं कर पा रहे थे.

‘आप सिर्फ बिल्डिंग के गार्ड नहीं, हमारी जिंदगी का हिस्सा थे’

अभिनेत्री ने धनपत महतो को याद करते हुए लिखा कि वह उनके लिए सिर्फ बिल्डिंग के गार्ड नहीं थे, बल्कि रोजमर्रा की जिंदगी का अहम हिस्सा थे. वह ऐसे व्यक्ति थे, जिन पर पूरा परिवार भरोसा करता था. उन्होंने अपने पोस्ट में कहा कि जब उनके बेटे बड़े होंगे, तो उन्हें उस अच्छे इंसान के बारे में बतायेंगी, जिसने घर आने पर उन्हें आशीर्वाद दिया था.

दिव्यांका ने यह भी लिखा कि धनपत की मौजूदगी उनके परिवार के लिए बहुत मायने रखती थी. इस घटना ने उन्हें यह एहसास कराया कि किसी की मौजूदगी को कभी हल्के में नहीं लेना चाहिए. उन्होंने दिवंगत धनपत महतो की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की.

सोमवार को पैतृक गांव पहुंचा था पार्थिव शरीर

मुंबई में सात नवंबर की रात अभिनेत्री की रिहायशी बिल्डिंग में आग लगने की घटना हुई थी. इसमें माहुरी गांव निवासी धनपत महतो की मौत हो गयी थी. सोमवार को उनका पार्थिव शरीर पैतृक गांव पहुंचा, जहां अंतिम संस्कार किया गया.