Tuesday, 10 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · बिहार

Success Story : नक्सली हिंसा में जमींदोज हो गया था स्कूल, फिर भी 81 प्रतिशत अंक लाकर सपना बनी गांव की पहली मैट्रिक पास बेटी

INT News10 November 2026 at 10:31 pm

Success Story : पटना: नक्सली हिंसा में स्कूल की इमारत ध्वस्त हो गयी, जिससे जमुई जिले के बरहट प्रखंड स्थित गुरमाहा गांव में बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो गयी. खासकर बेटियों के सामने आगे की पढ़ाई जारी रखने की चुनौती खड़ी हो गयी. लेकिन मुश्किल हालात के बावजूद गांव की बेटियों ने हिम्मत नहीं हारी. बिहार मुक्त विद्यालयी शिक्षण एवं परीक्षा बोर्ड (बीबोस) के माध्यम से पढ़ाई जारी रखते हुए गांव की तीन बेटियों ने अपनी शिक्षा का सफर फिर शुरू किया.

गांव की पहली मैट्रिक पास बेटी बनी सपना

सपना कुमारी ने मैट्रिक परीक्षा में 81 फीसदी अंक हासिल कर गांव की पहली मैट्रिक पास बेटी बनने का गौरव हासिल किया है. सपना की यह उपलब्धि न केवल उनके परिवार, बल्कि पूरे गांव के लिए गर्व का विषय है. स्कूल की सुविधा नहीं होने के बावजूद उन्होंने वैकल्पिक शिक्षा व्यवस्था का सहारा लेकर अपनी पढ़ाई पूरी की. उनकी सफलता ने साबित किया है कि संसाधनों की कमी और विषम परिस्थितियां भी मजबूत इच्छाशक्ति के सामने बाधा नहीं बन सकतीं.

बीच में पढ़ाई छोड़ने वालों के लिए सहारा बना बीबोस

बीबोस ऐसे विद्यार्थियों और लोगों को शिक्षा से जुड़ने का अवसर दे रहा है, जिनकी पढ़ाई किसी कारणवश बीच में छूट गयी है. इसके माध्यम से विद्यार्थी अपनी सुविधा और समय के अनुसार पढ़ाई कर मैट्रिक और इंटरमीडिएट की परीक्षा दे सकते हैं. अब तक 1,85,987 लोग इस बोर्ड के माध्यम से परीक्षा दे चुके हैं. यह आंकड़ा बताता है कि मुक्त विद्यालयी शिक्षा व्यवस्था बड़ी संख्या में लोगों को दोबारा शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ रही है.

सपना की सफलता से दूसरी बेटियों को मिलेगी प्रेरणा

शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने सपना कुमारी की उपलब्धि पर प्रसन्नता जताते हुए कहा कि सीखने की कोई उम्र नहीं होती. जमुई की बेटी सपना ने अपनी कामयाबी से साबित किया है कि परिस्थितियां सपनों की उड़ान को सीमित नहीं कर सकतीं. उनकी उपलब्धि राज्य की हजारों महिलाओं और बेटियों के लिए प्रेरणा बनेगी. उन्होंने विश्वास जताया कि सपना की सफलता से प्रेरित होकर कई महिलाएं और बेटियां अपनी अधूरी शिक्षा पूरी करने के लिए आगे आएंगी और बीबोस के माध्यम से अपने सपनों को साकार करेंगी.

क्या कहते हैं मंत्री

“सीखने की कोई उम्र नहीं होती. जमुई की बेटी सपना ने अपनी कामयाबी से यह साबित कर दिया है कि परिस्थितियां कभी भी सपनों की उड़ान को सीमित नहीं कर सकतीं. उनकी यह उपलब्धि न केवल गर्व का विषय है, बल्कि राज्य की हजारों महिलाओं और बेटियों के लिए प्रेरणा का स्रोत भी बनेगी. मुझे विश्वास है कि सपना की सफलता से प्रेरित होकर कई महिलाएं और बेटियां अपनी अधूरी शिक्षा पूरी करने के लिए फिर से आगे आएंगी और BBOSE के जरिये अपने सपनों को साकार करेंगी.”

- मिथिलेश तिवारी, शिक्षा मंत्री, बिहार सरकार