Tuesday, 10 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · बिहार

बिहार के सरकारी स्कूलों में लागू हुई नई व्यवस्था, अब शिक्षकों की कोडिंग से पकड़ी जाएगी हर गड़बड़ी

INT News10 November 2026 at 10:17 pm

पटना : बिहार के सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की पहचान अब उनकी नियुक्ति और सेवा श्रेणी के आधार पर निर्धारित कोड से होगी. शिक्षा विभाग ने यू-डायस प्लस 2026-27 पोर्टल पर शिक्षकों के प्रकार की नयी कोडिंग व्यवस्था लागू की है. कुल 23 श्रेणी में शिक्षकों को बांटा गया है. 23 तरह के कोड के माध्यम से शिक्षकों की नियुक्ति श्रेणी और कार्यरत स्थिति की पहचान की जायेगी.

अधिक वेतन लेने जैसी आशंकाओं पर लगेगा अंकुश

नियुक्ति अभिलेखों के आधार पर कोड दर्ज होगा तथा यू-डायस प्लस और इ-शिक्षाकोष के आंकड़ों का मिलान किया जायेगा. इसका उद्देश्य शिक्षकों का प्रमाणिक आंकड़ा तैयार करने के साथ फर्जी और दोहरी प्रविष्टियों पर रोक लगाना है. नयी व्यवस्था से एक ही शिक्षक का अलग-अलग श्रेणियों में विवरण दर्ज कर वेतन भुगतान में गड़बड़ी करने तथा गलत नियुक्ति श्रेणी के आधार पर अधिक वेतन लेने जैसी आशंकाओं पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी.

खास बातें

शिक्षा विभाग ने 23 श्रेणी में बांटा शिक्षकों को सभी के लिए नया कोड तय

बिहार में यू-डायस प्लस पोर्टल पर लागू हुई नयी व्यवस्था,

हर शिक्षक को मिलेगा अलग श्रेणी कोड, नियुक्ति और सेवा अभिलेखों का होगा मिलान

सबको मिलेगा अलग-अलग कोड

विभाग ने सभी जिला शिक्षा पदाधिकारियों को तीन दिनों के भीतर शिक्षकों का विवरण नियुक्ति संबंधी आधिकारिक अभिलेखों के अनुसार अपडेट करने का निर्देश दिया है. इसमें प्राथमिक विद्यालय के प्रधान शिक्षक, सहायक शिक्षक, स्नातक प्रशिक्षित शिक्षक, माध्यमिक और उच्च माध्यमिक शिक्षकों के साथ बीपीएससी से नियुक्त शिक्षकों के लिए अलग-अलग कोड निर्धारित किये गये हैं. पंचायत, प्रखंड, नगर और जिला परिषद शिक्षकों की भी अलग पहचान होगी. बीपीएससी शिक्षकों को कक्षा एक से पांच, छह से आठ, नौ से दस और 11वीं-12वीं के स्तर के अनुसार अलग-अलग कोड दिये गये हैं.

एक शिक्षक की दो जगह नहीं होगी पहचान

नयी व्यवस्था में शिक्षकों की नियुक्ति की प्रकृति, सेवा में योगदान की तिथि और वर्तमान विद्यालय में योगदान की तिथि का भी मिलान किया जायेगा. इससे यह पता चल सकेगा कि शिक्षक किस श्रेणी में नियुक्त हैं और वर्तमान में कहां कार्यरत हैं. किसी शिक्षक की दोहरी प्रविष्टि मिलने पर उसे हटाने का निर्देश दिया गया है.

सेवानिवृत्त और स्थानांतरित शिक्षकों का भी होगा सत्यापन

स्थानांतरित, सेवानिवृत्त और त्यागपत्र देने वाले शिक्षकों का विवरण भी अपडेट किया जायेगा. ऐसे शिक्षकों का नाम पुराने विद्यालय के कार्यरत शिक्षकों की सूची में नहीं रहेगा. विभाग ने यू-डायस प्लस और ई-शिक्षाकोष पोर्टल के आंकड़ों में भी समानता सुनिश्चित करने को कहा है. इस व्यवस्था से शिक्षकों की वास्तविक संख्या, नियुक्ति श्रेणी और कार्यरत स्थिति का सटीक रिकॉर्ड तैयार होगा. साथ ही गलत विवरण के आधार पर वेतन भुगतान और अन्य वित्तीय अनियमितताओं की पहचान करना आसान होगा.

बिहार की ताजा खबरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

यू-डायस प्लस 2026-27 में शिक्षकों के लिए निर्धारित नये कोड

Also Read: भूदान जमीन पर एक्शन: अवैध पर्चे रद्द कर दर्ज होगी FIR, छह जोन में औचक निरीक्षण की तैयारी