Tuesday, 10 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

entertainment

भोजपुरी की स्टार अक्षरा सिंह की सियासत में एंट्री? निशांत कुमार से मुलाकात ने बिहार में मचाई खलबली

INT News10 November 2026 at 10:45 pm

Bhojpuri Actress Akshara Singh: भोजपुरी अभिनेत्री अक्षरा सिंह (Akshara Singh) इन दिनों अपनी फिल्मों और गानों के साथ-साथ राजनीतिक मुलाकातों को लेकर भी चर्चा में हैं. हाल ही में उन्होंने पटना में बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार (Nishant Kumar) से उनके आवास पर मुलाकात की. इस मुलाकात के बाद सवाल उठने लगे हैं कि क्या अक्षरा सिंह अब जनता दल यूनाइटेड (JDU) का दामन थामने वाली हैं?

View on Instagram

गुलदस्ता और मिठाई लेकर पहुंचीं अक्षरा

जानकारी के मुताबिक, अक्षरा सिंह निशांत कुमार से मिलने उनके पटना स्थित आवास पहुंचीं. इस दौरान वह अपने साथ गुलदस्ता और मिठाई का डिब्बा भी लेकर गई थीं. जदयू नेताओं की ओर से इसे शिष्टाचार मुलाकात बताया गया है. कहा गया कि अभिनेत्री ने उन्हें दीपावली और दूसरे त्योहारों की शुभकामनाएं दीं.

इस मुलाकात में बिहार के विकास, स्वास्थ्य सुविधाओं, युवाओं के भविष्य, क्षेत्रीय भाषा-संस्कृति और फिल्मों के निर्माण जैसे मुद्दों पर भी बातचीत होने की जानकारी सामने आई है.

View on Instagram

संजय झा से भी कर चुकी हैं मुलाकात

निशांत कुमार से मुलाकात से पहले अक्षरा सिंह ने जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा से भी भेंट की थी. लगातार दो बड़े जदयू नेताओं से मुलाकात के बाद उनके राजनीतिक रुख को लेकर चर्चाएं शुरू हो गई हैं. हालांकि, अक्षरा सिंह की ओर से पार्टी में शामिल होने को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा सामने नहीं आई है.

जन सुराज से रहा है जुड़ाव

अक्षरा सिंह इससे पहले जन सुराज को अपना समर्थन देती रही हैं. ऐसे में अब जदयू नेताओं से उनकी मुलाकात के बाद यह सवाल उठ रहा है कि क्या वह अपनी राजनीतिक राह बदलने की तैयारी में हैं. फिलहाल इसे लेकर सिर्फ अटकलें लगाई जा रही हैं.

बिहार की राजनीति में कलाकारों की एंट्री

बिहार की राजनीति में भोजपुरी कलाकारों की मौजूदगी पहले से चर्चा का विषय रही है. अभिनेता पवन सिंह समेत कई कलाकार राजनीतिक गतिविधियों में हिस्सा ले चुके हैं. अब अक्षरा सिंह की निशांत कुमार और संजय झा से मुलाकात ने उनके अगले राजनीतिक कदम को लेकर उत्सुकता बढ़ा दी है. हालांकि, उनकी जदयू में एंट्री होगी या नहीं, इस पर अभी कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी.

ये भी पढ़ें: Ramayana: साई पल्लवी ने माता सीता के रूप में दिखाया नारी शक्ति का दम, हाथों में तलवार लेकर किया राक्षसों का विनाश