Tuesday, 10 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

national

ढाका के वीडियो से भारत को बदनाम करने की साजिश, चीनी नागरिकों पर कार्रवाई की मांग

INT News10 November 2026 at 10:45 pm

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि किसी देश की गलत तस्वीर पेश करने की कोशिश दुर्भाग्यपूर्ण है. इस तरह के झूठे विमर्श से इसमें शामिल लोगों और उनके पीछे मौजूद तत्वों की विश्वसनीयता ही कम होती है.

जायसवाल ने अपनी नियमित प्रेस वार्ता में कहा, "हमने इस संबंध में खबरें देखी हैं. किसी देश की गलत तस्वीर पेश करने की ऐसी कोशिशें दुर्भाग्यपूर्ण हैं."

उन्होंने कहा, "विदेशी तत्व ढाका के कुछ हिस्सों को दिल्ली के इलाकों के रूप में पेश करने की कोशिश कर रहे हैं. इस तरह के झूठे विमर्श फैलाने से केवल इसमें शामिल लोगों और उनके पीछे मौजूद तत्वों की विश्वसनीयता कम होती है. हम संबंधित अधिकारियों से आग्रह करते हैं कि ऐसे लोगों के खिलाफ उचित कार्रवाई करें."

दुष्प्रचार अभियान का हिस्सा होने की आशंका

बांग्लादेशी मीडिया की खबरों के मुताबिक, करीब 150 चीनी नागरिक ढाका के टेकपारा और उत्तरा इलाकों में सक्रिय हैं. ये लोग वहां की तंग गलियों और कम आय वाले इलाकों के वीडियो बनाकर चीनी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लाइव प्रसारित कर रहे हैं.

आशंका जताई जा रही है कि इन गतिविधियों के जरिए ढाका के दृश्यों को दिल्ली का बताकर पेश किया जा रहा है. इसे एक सुनियोजित दुष्प्रचार अभियान का हिस्सा माना जा रहा है.

शेख हसीना के प्रत्यर्पण पर क्या बोला भारत

बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के प्रत्यर्पण की ढाका की मांग पर विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा कि यह एक कानूनी मामला है और इस पर उसी के अनुरूप कार्रवाई की जाएगी.

नेपाल के प्रधानमंत्री के भारत दौरे पर बातचीत जारी

नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह के संभावित भारत दौरे के बारे में पूछे जाने पर जायसवाल ने कहा कि इस संबंध में काठमांडू और नयी दिल्ली के बीच बातचीत चल रही है.

उन्होंने कहा कि भारत और नेपाल के बीच व्यापक और विशेष साझेदारी है. प्रस्तावित दौरे के दौरान आपसी हित से जुड़े सभी मुद्दों पर चर्चा की जाएगी.

ये भी पढ़ें: ऑपरेशन ब्लू स्टार पर सोनिया के खुलासे से बवाल: AAP ने बताया अप्रमाणित, BJP बोली- सत्ता की भूख