Tuesday, 10 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · झारखंड

सोनाली की उंगलियों ने उकेरी भक्ति की तस्वीर, 16 घंटे में बनी राधा-कृष्ण की रंगोली

INT News10 November 2026 at 10:16 pm

जमशेदपुर : किसी ने रंगों से कैनवास सजाया, तो किसी ने फूलों से भक्ति का संसार रचा. लेकिन नॉर्दर्न टाउन स्थित शृकुंज हाउस में सोनाली आडेसरा ने सैंड कलर से फर्श पर ऐसी कलाकृति उकेरी कि देखने वाले कुछ पल ठहरकर उसे निहारते रह गए. गुजराती नववर्ष के अवसर पर उन्होंने भगवान कृष्ण और राधा की मनमोहक रंगोली तैयार की. पांच फीट लंबी और चार फीट चौड़ी इस रंगोली को बनाने में उन्हें पूरे 16 घंटे लगे. रंगों की बारीकियां, चेहरे के भाव और आकृतियों का आकर्षण इसे सामान्य रंगोली से अलग बनाता है.

रंगों की हर परत में झलकी भक्ति

सोनाली ने इस रंगोली को सैंड कलर से तैयार किया है. इसमें रंगों की बारीक मिलावट और परतों के इस्तेमाल से राधा-कृष्ण की आकृति को जीवंत रूप देने की कोशिश की गई है. रंगोली की हर रेखा और रंग में उनकी मेहनत के साथ भक्ति का भाव भी नजर आता है. इसे देखकर पहली नजर में ऐसा लगता है, मानो किसी कलाकार ने कैनवास पर पेंटिंग बनाई हो. खास बात यह है कि पूरी कलाकृति हाथों से तैयार की गई है.

ये भी पढ़ें : सोनू हत्याकांड में विशाल सिंह नामजद, भाई ने बताया कैसे चली थी गोली, पढ़ें पूरी खबर

'हर स्ट्रोक भगवान से मेरी एक बातचीत है'

अपनी कला के बारे में सोनाली कहती हैं कि रंगोली बनाना उनके लिए केवल एक कलाकृति तैयार करना नहीं, बल्कि भगवान के प्रति अपनी भावनाएं व्यक्त करने का माध्यम है. उनके शब्दों में, 'हर स्ट्रोक भगवान से मेरी एक बातचीत है.' उन्होंने बताया कि इतनी बड़ी और बारीक रंगोली तैयार करने में काफी मेहनत लगती है. परिवार का सहयोग और प्रोत्साहन उन्हें लगातार कुछ नया करने की प्रेरणा देता है.

पति और ससुर का मिला पूरा सहयोग

सोनाली के पति कौशल अडेसरा और ससुर अश्विन अडेसरा हमेशा उनकी कला को प्रोत्साहित करते रहे हैं. अश्विन अडेसरा प्रतिष्ठित छगनलाल दयालजी संस परिवार से जुड़े हैं. सोनाली मूल रूप से मुंबई की रहने वाली हैं, लेकिन अब जमशेदपुर को अपना घर बना चुकी हैं. वह अपनी कला के जरिये शहर में शांति, खुशी और सकारात्मकता का संदेश फैलाना चाहती हैं.

कला के जरिये फैलाना चाहती हैं सकारात्मकता

सोनाली का कहना है कि उनकी कोशिश है कि उनकी बनाई कलाकृतियां लोगों के मन में खुशी और सकारात्मकता का भाव जगाएं. गुजराती नववर्ष पर तैयार राधा-कृष्ण की यह रंगोली भी इसी सोच की खूबसूरत अभिव्यक्ति है. इसकी विशालता और बारीक कारीगरी के साथ राधा-कृष्ण के प्रेम और भक्ति का भाव लोगों को खास तौर पर आकर्षित कर रहा है.

ये भी पढ़ें : 650 लोगों के 1900 सुझावों के बाद टाटा स्टील जियोलॉजिकल पार्क की तीनों बाघिनों के नाम तय, जानें क्या रखे गए नाम