Tuesday, 10 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

entertainment · मध्य प्रदेश

Diljit Dosanjh Concert: इंदौर कॉन्सर्ट से पहले फिर मिली बम धमाके की धमकी, हाईकोर्ट समेत कई जगहें निशाने पर

INT News10 November 2026 at 10:11 pm

Diljit Dosanjh Indore Concert Bomb Threat: पंजाबी सिंगर दिलजीत दोसांझ के इंदौर कॉन्सर्ट से पहले एक बार फिर बम धमाके की धमकी मिलने से सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं. इस बार धमकी भरा ईमेल मध्य प्रदेश हाईकोर्ट की ग्वालियर बेंच के आधिकारिक ईमेल पर भेजे जाने की बात सामने आई है. इसमें दिलजीत के 15 नवंबर को होने वाले कार्यक्रम के साथ इंदौर, ग्वालियर और भोपाल की कुछ अन्य जगहों को भी निशाना बनाने की चेतावनी दी गई है. पुलिस अब ईमेल भेजने वाले की पहचान और उसके पीछे की सच्चाई का पता लगाने में जुटी है.

View on Instagram

15 नवंबर को होना है कॉन्सर्ट

आपको बता दें कि दिलजीत दोसांझ का इंदौर में 15 नवंबर को कार्यक्रम तय है. वह अपने 'ऑरा टूर' के तहत शहर के सी-21 ग्राउंड में परफॉर्म करने वाले हैं. हालांकि, कॉन्सर्ट से पहले लगातार मिल रही धमकियों ने पुलिस की चिंता बढ़ा दी है. ताजा ईमेल में कथित तौर पर उस स्टेज पर आईईडी (IED) लगाने की बात कही गई है, जहां दिलजीत को प्रस्तुति देनी है.

हाईकोर्ट के ईमेल पर मिली धमकी

ऐसे में मध्य प्रदेश हाईकोर्ट की ग्वालियर बेंच के आधिकारिक ईमेल पते पर धमकी भरा संदेश मिलने की पुष्टि पुलिस मुख्यालय के डीएसपी रॉबिन जैन ने की है. उनके मुताबिक, ईमेल में दिलजीत के इंदौर कार्यक्रम के अलावा कुछ अन्य संस्थानों और जगहों के नाम भी लिखे गए थे. चूंकि संदेश में भोपाल और इंदौर का भी जिक्र है, इसलिए तीनों शहरों की पुलिस को इसकी जानकारी देकर जांच शुरू कर दी गई है.

पुलिस खंगाल रही ईमेल की जानकारी

धमकी मिलने के बाद पुलिस की अलग-अलग टीमें ईमेल भेजने वाले का पता लगाने में जुटी हैं. जांच में संदेश के डिजिटल रिकॉर्ड और आईपी एड्रेस की जानकारी भी खंगाली जा रही है. शुरुआती जांच में आईपी एड्रेस का संबंध विदेशी नेटवर्क से जुड़ा बताया गया है, लेकिन पुलिस अभी इसके वास्तविक स्रोत और ईमेल भेजने वाले व्यक्ति की पहचान की पुष्टि करने में जुटी है.

सुरक्षा के लिहाज से ग्वालियर हाईकोर्ट परिसर और जजों के आवासों के आसपास भी चौकसी बढ़ाई गई है. जिन स्थानों का ईमेल में जिक्र किया गया है, वहां की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की जा रही है.

पहले भी मिल चुकी हैं धमकियां

यह पहली बार नहीं है जब दिलजीत के इंदौर कॉन्सर्ट को लेकर धमकी मिली हो. इससे पहले 2 नवंबर को शहर के तीन निजी स्कूलों और मेयर पुष्यमित्र भार्गव के कार्यालय को भी धमकी भरे ईमेल भेजे गए थे. इन संदेशों में स्कूलों को बम से उड़ाने की चेतावनी दी गई थी. साथ ही स्कूल प्रबंधन को अपने विद्यार्थियों को दिलजीत के कॉन्सर्ट में नहीं भेजने की बात कही गई थी.

इन ईमेल के सामने आने के बाद पुलिस और बम निरोधक दस्ते (BDDS) ने स्कूलों की जांच की थी. एडीसीपी राजेश दंडोतिया ने भी धमकी भरे संदेश मिलने की पुष्टि की थी. पुलिस ने शुरुआती जांच में इनके फर्जी होने की आशंका जताई थी, लेकिन क्राइम ब्रांच तकनीकी सबूतों के आधार पर ईमेल भेजने वालों की पहचान करने में जुटी है.

दिलजीत ने फैंस को दिया भरोसा

लगातार मिल रही धमकियों के बीच दिलजीत दोसांझ ने अपने कॉन्सर्ट को लेकर चल रही रद्द होने की अटकलों पर भी जवाब दिया है. मंगलवार को इंस्टाग्राम लाइव के दौरान उन्होंने साफ कहा कि वह तय कार्यक्रम के मुताबिक इंदौर पहुंचेंगे.

दिलजीत ने कहा, "15 तारीख को इंदौर आ रहे हैं, 101 परसेंट आ रहे हैं! सबसे पहले आकर पोहा खाएंगे, फिर एनर्जी लेकर फिर चक दे फट्टे." उनके इस बयान से साफ है कि वह फिलहाल अपने कार्यक्रम को लेकर पीछे हटने के मूड में नहीं हैं.

तीन शहरों की पुलिस कर रही जांच

लगातार मिल रहे धमकी भरे ईमेल को देखते हुए मध्य प्रदेश के इंदौर, ग्वालियर और भोपाल में पुलिस सतर्क है. जांच एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि अलग-अलग जगहों पर आए संदेशों के पीछे एक ही व्यक्ति या समूह है या नहीं. फिलहाल ईमेल की तकनीकी जांच जारी है और दिलजीत का 15 नवंबर वाला कॉन्सर्ट निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार होने की बात कही गई है.

ये भी पढ़ें: Harry Potter OTT Release: फिर चलेगी जादू की छड़ी, इस दिन शुरू होगा हैरी पॉटर का नया सफर