Tuesday, 10 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · उत्तर प्रदेश

रिंकू सिंह और प्रिया सरोज की शादी का कार्ड आया सामने, जानें लखनऊ के किस VIP वेन्यू में सजेगा मंडप

INT News10 November 2026 at 10:36 pm

Rinku Singh marriage invitation card: भारतीय क्रिकेटर रिंकू सिंह और समाजवादी पार्टी की सांसद प्रिया सरोज की शादी की तारीख और वेन्यू अब सामने आ गया है. दोनों 4 दिसंबर 2026 को शादी के बंधन में बंधेंगे. शादी का निमंत्रण कार्ड सामने आने के बाद समारोह को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं. कार्ड के मुताबिक, विवाह समारोह उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के होटल रमाडा में आयोजित होगा. शुभ विवाह की रस्म दोपहर 3 बजे शुरू होगी.

लखनऊ के होटल रमाडा में होगी शादी

रिंकू सिंह और प्रिया सरोज का विवाह समारोह लखनऊ-कानपुर रोड स्थित होटल रमाडा में आयोजित किया जाएगा. शादी के कार्ड पर शुक्रवार, 4 दिसंबर 2026 की तारीख और दोपहर 3 बजे का समय दिया गया है. होटल का पता जुनाबगंज, लखनऊ, उत्तर प्रदेश-226401 दर्ज है. दोनों परिवारों की ओर से रिश्तेदारों और करीबी मेहमानों को निमंत्रण भेजा जा रहा है. शादी में कई खास मेहमानों के शामिल होने की संभावना है.

बहन के साथ रिंकू सिंह ने पसंद किया शादी का कार्ड

शादी की तैयारियों में रिंकू सिंह का परिवार जुटा हुआ है. जानकारी के मुताबिक, रिंकू सिंह ने अपनी बहन नेहा के साथ बैठकर शादी का कार्ड पसंद किया था. उनकी मां और भाभी भी खरीदारी में व्यस्त हैं. कार्ड छपने के बाद अलीगढ़ में रिश्तेदारों और खास मेहमानों को निमंत्रण भेजा जा रहा है. बताया जा रहा है कि रिंकू के गृहक्षेत्र अलीगढ़ से करीब 100 खास मेहमान शादी में शामिल होने लखनऊ पहुंचेंगे.

अखिलेश यादव और योगी आदित्यनाथ को भी न्योता

रिंकू सिंह और प्रिया सरोज की शादी में राजनीति और क्रिकेट जगत की कई बड़ी हस्तियों के शामिल होने की संभावना है. जानकारी के मुताबिक, समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को शादी का निमंत्रण भेजा जा चुका है. वहीं, रिंकू सिंह उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को भी आमंत्रित करने जाएंगे. इसके अलावा भारतीय क्रिकेट जगत की कई जानी-मानी हस्तियों को भी शादी में बुलाए जाने की चर्चा है.

जून 2025 में हुई थी रिंकू सिंह और प्रिया सरोज की सगाई

रिंकू सिंह और प्रिया सरोज ने जून 2025 में सगाई की थी. इसके बाद से ही दोनों की शादी को लेकर चर्चाएं चल रही थीं. प्रिया सरोज समाजवादी पार्टी की सांसद हैं और मछलीशहर लोकसभा सीट का प्रतिनिधित्व करती हैं. वहीं, रिंकू सिंह भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाड़ी हैं. अब दोनों 4 दिसंबर 2026 को लखनऊ में सात फेरे लेकर वैवाहिक जीवन की शुरुआत करेंगे.

Must Read- UP Voter List: वोटर लिस्ट से कट गया नाम? बेफिक्र होकर भरें Form-6, चुनाव आयोग ने खत्म किया कन्फ्यूजन, जानें क्या हैं शर्तें