Tuesday, 10 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

sports

Syed Mushtaq Ali Trophy: यूपी की टीम का ऐलान, न्यूजीलैंड के खिलाफ टी-20 खेलने वाले इस गेंदबाज को भी मिला मौका

INT News10 November 2026 at 10:47 pm

Syed Mushtaq Ali Trophy: सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2026 के लिए उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (UPCA) ने अपनी 18 सदस्यीय टीम घोषित कर दी है. टीम की कप्तानी करण शर्मा को सौंपी गई है. हालांकि, स्क्वॉड सामने आते ही चयन को लेकर सवाल उठने लगे हैं. इसकी बड़ी वजह यूपी टी20 लीग में शानदार प्रदर्शन करने वाले तेज गेंदबाज अभिनंदन सिंह को टीम में जगह नहीं मिलना है. उन्होंने लीग के दौरान 24 विकेट चटकाए थे. इसके बावजूद चयनकर्ताओं ने उन्हें नजरअंदाज कर दिया. प्रवीण कुमार की अध्यक्षता वाली सीनियर चयन समिति के इस फैसले पर क्रिकेट फैंस के बीच चर्चा शुरू हो गई है.

करण शर्मा को मिली टीम की कमान

उत्तर प्रदेश की टीम की अगुवाई करण शर्मा करेंगे. उन्होंने यूपी टी20 लीग 2026 में बल्ले से शानदार प्रदर्शन किया था और 361 रन बनाकर टूर्नामेंट के सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे थे. उनका प्रदर्शन पिछले कुछ सीजन में भी अच्छा रहा है. करण ने 2025 में 519 और 2023 में 606 रन बनाए थे.

उनके अलावा समीर रिजवी, स्वस्तिक चिकारा, दिव्यांश जोशी, अभिषेक गोस्वामी और प्रशांत वीर जैसे खिलाड़ियों को भी टीम में शामिल किया गया है. टीम में अनुभवी खिलाड़ियों के साथ युवा प्रतिभाओं को भी मौका दिया गया है.

ये भी पढ़ें: क्या जल्द दुल्हन बनने वाली हैं सारा तेंदुलकर? सचिन और भाभी के बयान से तेज हुई शादी की चर्चा; देखें वीडियो

24 विकेट लेने वाले अभिनंदन सिंह को किया नजरअंदाज

यूपी की टीम के चयन में सबसे ज्यादा हैरानी तेज गेंदबाज अभिनंदन सिंह को बाहर रखने से हुई है. उन्होंने यूपी टी20 लीग 2026 में अपनी गेंदबाजी से प्रभावित किया था और पूरे टूर्नामेंट में 24 विकेट अपने नाम किए थे. इतने शानदार प्रदर्शन के बावजूद उन्हें सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के लिए चुनी गई टीम में जगह नहीं मिली.

वहीं, अर्नव बालियान को 18 सदस्यीय टीम में शामिल किया गया है. उन्होंने यूपी टी20 लीग के इस सीजन में 7 मुकाबले खेले और सिर्फ 53 रन बनाए. उनका सर्वोच्च स्कोर 25 रन रहा. ऐसे में अभिनंदन सिंह को बाहर रखने और अर्नव बालियान को मौका देने के चयनकर्ताओं के फैसले पर सवाल उठ रहे हैं.

ये भी पढ़ें: ICC ODI Rankings: शुभमन गिल पहले नंबर पर बरकरार, विराट-रोहित भी टॉप-5 में शामिल; देखें पूरी लिस्ट

भुवनेश्वर कुमार संभालेंगे गेंदबाजी की जिम्मेदारी

उत्तर प्रदेश की टीम का गेंदबाजी आक्रमण काफी मजबूत नजर आ रहा है. अनुभवी तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार टीम को अनुभव प्रदान करेंगे. उनके अलावा मोहसिन खान, शिवम मावी, यश दयाल और कार्तिक त्यागी तेज गेंदबाजी विभाग में मौजूद हैं.

सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2026 के लिए उत्तर प्रदेश की पूरी टीम

स्पिन गेंदबाजी की जिम्मेदारी जीशान अंसारी संभाल सकते हैं. वहीं, प्रशांत वीर भी टीम के लिए उपयोगी ऑलराउंडर साबित हो सकते हैं. टीम में युवा और अनुभवी खिलाड़ियों का अच्छा संयोजन दिखाई दे रहा है.

राइजिंग एशिया कप खेलेंगे रिंकू सिंह

उत्तर प्रदेश की इस टीम में भारतीय स्टार बल्लेबाज रिंकू सिंह का नाम शामिल नहीं है. वह 19 नवंबर से कतर में शुरू होने वाले राइजिंग एशिया कप में हिस्सा लेंगे. इसी वजह से वह सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के लिए घोषित यूपी की टीम का हिस्सा नहीं हैं.

यूपी पहले भी जीत चुका है सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी का खिताब

उत्तर प्रदेश की टीम इससे पहले भी सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी जीत चुकी है. टीम ने 2015-16 सीजन में पहली बार इस टूर्नामेंट का खिताब अपने नाम किया था. वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए फाइनल में उत्तर प्रदेश ने बड़ौदा को 38 रन से हराया था.

ये भी पढ़ें: Ranji Trophy 2026-27: रायपुर से कहां शिफ्ट हुए छत्तीसगढ़ के रणजी मैच? NGT के आदेश से बदला वेन्यू