Tuesday, 10 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

national

'एक साल बाद राजीव से मिली तो बोल नहीं पाई...', सोनिया गांधी की पहली भारत यात्रा, बच्चन परिवार का घर और यादें

INT News10 November 2026 at 05:29 pm

Sonia Gandhi Book: तारीख थी 13 जनवरी 1968. सुबह के 5 बजकर 15 मिनट हो रहे थे. दिल्ली में कड़ाके की ठंड थी और हवाई अड्डे पर इटली से आई एक युवती की नजरें किसी खास शख्स को तलाश रही थीं. तभी सामने राजीव गांधी दिखाई दिए और उस युवती के चेहरे पर मुस्कान तैर गई. खुशी साफ झलक रही थी. यह युवती कोई और नहीं, बल्कि सोनिया गांधी थीं, जो राजीव से शादी करने के लिए पहली बार भारत पहुंची थीं.

सोनिया को एयरपोर्ट पर रिसीव करने राजीव के साथ संजय गांधी और अमिताभ बच्चन भी पहुंचे थे. भारत में सोनिया का पहला ठिकाना इंदिरा गांधी का घर नहीं, बल्कि मशहूर कवि हरिवंश राय बच्चन का आशियाना बना. यहीं उनकी जिंदगी से जुड़ी कई ऐसी घटनाएं हुईं, जिनका जिक्र उन्होंने अपने संस्मरण 'बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव' में किया है. इनमें राजीव का प्यार, तेजी बच्चन का मां जैसा स्नेह और हरिवंश राय बच्चन की एक ऐसी सलाह शामिल है, जिसका मतलब सोनिया को कई साल बाद समझ आया.

एयरपोर्ट पर राजीव को देखते ही भूल गईं सारी थकान

सोनिया गांधी ने अपनी किताब में पहली भारत यात्रा का जिक्र करते हुए लिखा है कि राजीव से लंबे समय तक दूर रहने के बाद वह उनसे मिलने के लिए बेहद उत्साहित थीं. हालांकि, नए देश और अनजान माहौल को लेकर मन में थोड़ी घबराहट भी थी. सोनिया ने उस पल को याद करते हुए लिखा- "मैं बेहद थकी हुई और थोड़ा घबराई हुई थी, लेकिन राजीव को देखते ही मेरा डर और थकान गायब हो गई." दिल्ली का हवाई अड्डा देखकर भी सोनिया हैरान थीं. इटली के रोम और ट्यूरिन के आधुनिक हवाई अड्डों के मुकाबले दिल्ली का एयरपोर्ट उन्हें छोटा और कम रोशनी वाला लगा.

इंदिरा गांधी नहीं, अमिताभ बच्चन के घर पहुंचीं सोनिया गांधी

एयरपोर्ट से निकलने के बाद राजीव और उनके साथ मौजूद लोग सोनिया को दिल्ली के 13, विलिंगडन क्रिसेंट ले गए. यह अमिताभ बच्चन के माता-पिता का घर था, जहां हिंदी के मशहूर कवि हरिवंश राय बच्चन और उनकी पत्नी तेजी बच्चन रहते थे. दरअसल, बच्चन परिवार और गांधी परिवार की दोस्ती काफी पुरानी थी. इलाहाबाद के दिनों से दोनों परिवारों के बीच करीबी संबंध थे. राजीव से विवाह के पहले सोनिया के रहने की व्यवस्था बच्चन परिवार के घर में ही की गई थी.

सोनिया ने लिखा कि घर पहुंचने पर तेजी बच्चन ने बेहद आत्मीयता से उनका स्वागत किया. उन्होंने जैकेट और पैंट पहन रखी थी, जबकि सिर पर फ्रांसीसी अंदाज का स्कार्फ बंधा था. तेजी बच्चन ने मुस्कराते हुए सोनिया को गले लगाया. इस अपनत्व ने उनकी शुरुआती घबराहट काफी हद तक दूर कर दी. आगे चलकर तेजी बच्चन उनके लिए मां जैसी बन गईं.

छोटे कद की श्रीमती बच्चन जैकेट और पतलून पहने हुए थीं. उनके सिर पर फ्रांसीसी शैली का स्कार्फ बंधा था. उन्होंने बरामदे में बेहद प्यारी मुस्कान और गर्मजोशी से गले लगाकर मेरा स्वागत किया. मुझे तुरंत राहत और भरोसा महसूस हुआ. आगे चलकर वह मेरे लिए मां जैसी बन गईं, जो हमेशा मेरी मदद करने, मुझे सिखाने और सलाह देने के लिए तैयार रहती थीं- 'बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव

राजीव ने सोनिया के कमरे को खास बनाने में नहीं छोड़ी थी कोई कसर

एक साल की जुदाई के बाद राजीव और सोनिया को आखिरकार साथ समय बिताने का मौका मिला था. राजीव चाहते थे कि सोनिया को नए घर में किसी तरह की असुविधा न हो. इसके लिए उन्होंने उनके कमरे को बड़े प्यार से सजाया था. बिस्तर के पीछे की दीवार पर मशहूर चित्रकार पाब्लो पिकासो की ब्लू पीरियड की पेंटिंग की प्रतिकृति लगाई गई थी, जिसे राजीव कैम्ब्रिज से लेकर आए थे. बिस्तर के पास खुशबूदार गुलाबों से भरा फूलदान रखा था. कमरे में रंगीन कालीन और मोरक्को की कढ़ाई वाला चमड़े का छोटा स्टूल भी मौजूद था. लेकिन कमरे को खूबसूरत बनाने की एक कोशिश अचानक परेशानी का कारण बन गई.

राजीव के बिछाए कालीन से बिगड़ गई सोनिया की तबीयत

सोनिया ने अपनी किताब में लिखा है कि कमरे से लगा बाथरूम काफी पुराना और साधारण था. राजीव ने उसे बेहतर दिखाने के लिए अपनी मां के घर के पुराने संदूक से नीले-हरे रंग का मोटा कालीन निकालकर बिछा दिया था. लेकिन जैसे ही सोनिया बाथरूम में गईं, उन्हें सांस लेने में परेशानी होने लगी. उन्होंने आशंका जताई कि शायद कालीन पर किसी कीटनाशक का इस्तेमाल किया गया था, जिससे अस्थमा की समस्या बढ़ गई. सोनिया की तबीयत बिगड़ते ही राजीव और तेजी बच्चन घबरा गए. दोनों ने तुरंत उनकी मदद की और दवा दी. तबीयत ठीक होने तक उनका ख्याल रखा गया.

सुबह की सैर पर निकले बच्चन साहब से हुई पहली मुलाकात

आराम करने के बाद सोनिया की मुलाकात हरिवंश राय बच्चन से हुई. उस समय वह सुबह की सैर के लिए निकल रहे थे. सोनिया ने लिखा कि बच्चन साहब थोड़े झुके हुए थे. उन्होंने शॉल ओढ़ रखी थी, आंखों पर चश्मा था और सिर पर घने, लहराते बाल थे. उन्होंने मुस्कराकर सोनिया का स्वागत किया और कुछ आत्मीय बातें करने के बाद टहलने निकल गए. बच्चन परिवार के घर में रहने के दौरान सोनिया ने उनकी दिनचर्या से जुड़ी एक दिलचस्प बात भी महसूस की.

कदमों की आहट से खुल जाती थी नींद

सुबह-सुबह खिड़की के पास किसी के चलने की आवाज से उनकी नींद खुल जाती थी. शुरुआत में उन्हें समझ नहीं आता था कि आखिर इतनी सुबह कौन घूम रहा है. बाद में पता चला कि यह हरिवंश राय बच्चन थे, जो रोज घर के चारों ओर टहलते थे. उनकी सैर खत्म होने के बाद शंख और पूजा की घंटी की आवाज भी सुनाई देती थी. इन आवाजों से सोनिया की नींद दोबारा खुल जाती थी.

सोनिया की इंदिरा गांधी से पहली मुलाकात

भारत पहुंचने के बाद उसी दिन नाश्ते के बाद राजीव सोनिया को अपनी मां इंदिरा गांधी से मिलाने ले गए. सोनिया इस मुलाकात को लेकर काफी घबराई हुई थीं. उन्हें एक बैठक कक्ष में बैठाया गया, जो बेहद साधारण था. कमरे में गहरे भूरे रंग का सोफा, उसी रंग की आरामकुर्सी, लिखने की मेज और कुछ अन्य फर्नीचर मौजूद थे. सोनिया कमरे को देख ही रही थीं कि इंदिरा गांधी वहां पहुंच गईं. उन्होंने घबराते हुए अभिवादन किया, लेकिन इंदिरा का व्यवहार बेहद सहज और आत्मीय था. इंदिरा को पहले से सोनिया के अस्थमा की परेशानी के बारे में जानकारी थी. उन्होंने दिल्ली की ठंड को देखते हुए उन्हें गर्म कपड़े पहनने की सलाह दी.

'इस देश में तुम क्या हो, इससे ज्यादा जरूरी है कि लोग तुम्हें क्या समझते हैं'- हरिवंश राय बच्चन

बच्चन परिवार के घर में रहने के दौरान सोनिया को भाषा की समस्या का भी सामना करना पड़ा. वह कई वर्षों तक अंग्रेजी पढ़ चुकी थीं, लेकिन धाराप्रवाह बोलने में परेशानी होती थी. भारतीय अंग्रेजी का लहजा समझना भी उनके लिए आसान नहीं था. ऐसे में हरिवंश राय बच्चन कभी-कभी उन्हें हिंदी के शब्द सिखाते थे. बातचीत के दौरान वह सोनिया को भारतीय समाज और लोगों की सोच के बारे में भी समझाते थे.

सोनिया ने अपनी किताब में लिखा है कि बच्चन साहब अक्सर कहा करते थे- इस देश में यह मायने नहीं रखता कि तुम क्या हो, बल्कि यह मायने रखता है कि लोग तुम्हें क्या समझते हैं. उनकी यह बात सोनिया को सोचने पर मजबूर कर देती थी. वह समझ नहीं पाती थीं कि आखिर बच्चन साहब ऐसा क्यों कह रहे हैं. क्या भारत में उन्हें अपनी वास्तविक पहचान छोड़कर दूसरों की उम्मीदों के मुताबिक खुद को ढालना होगा? सोनिया चाहती थीं कि वह जैसी हैं, वैसी ही रहें. लेकिन बच्चन साहब की सलाह उनके मन में लंबे समय तक बनी रही.

राजीव के जाने के बाद अकेले में क्यों रोती थीं सोनिया?

भारत में बच्चन परिवार से भरपूर स्नेह मिलने के बावजूद सोनिया के लिए नए माहौल में ढलना आसान नहीं था. उन्हें इटली में अपने माता-पिता और परिवार की याद आती थी. कई बार राजीव उन्हें बच्चन परिवार के घर छोड़कर चले जाते, तो वह अकेले में चुपचाप रोने लगती थीं. राजीव उन्हें समझाने और उनका मन हल्का करने की कोशिश करते थे. एक तरफ राजीव के साथ नई जिंदगी शुरू होने की खुशी थी, तो दूसरी तरफ अपने देश और परिवार से दूर रहने का दुख भी था.

कई साल बाद समझ आया बच्चन साहब की सलाह का मतलब

सोनिया ने अपने संस्मरण में बताया कि बाद के सालों में जब उन्होंने सार्वजनिक जीवन और लोगों की बदलती धारणाओं को करीब से देखा, तो उन्हें हरिवंश राय बच्चन की कही बात याद आई. उन्होंने लिखा- वह कितने सही थे.

सोनिया ने कहा- बच्चन साहब एक संवेदनशील कवि थे और स्वयं भी जनता के बदलते मिजाज को महसूस कर चुके थे. इसलिए वह अच्छी तरह समझते थे कि सार्वजनिक जीवन में किसी व्यक्ति की वास्तविक पहचान और लोगों की उसके बारे में बनी धारणा अलग-अलग हो सकती हैं.

सोनिया गांधी के लिए अभिभावक बन गया था बच्चन परिवार

सोनिया ने अपनी किताब में हरिवंश राय बच्चन और तेजी बच्चन को अभिभावकों जैसा स्थान दिया है. भारत पहुंचने के शुरुआती दिनों में तेजी बच्चन ने उन्हें मां जैसा प्यार दिया, जबकि हरिवंश राय बच्चन ने भारतीय समाज को समझने में उनकी मदद की. उस समय किसी को अंदाजा नहीं था कि आगे चलकर सोनिया गांधी की जिंदगी किस मोड़ पर पहुंचेगी. लेकिन जनवरी 1968 में बच्चन परिवार के घर बिताए वे दिन सोनिया के लिए हमेशा खास रहे.

राजीव से दोबारा मिलने की खुशी, नए देश की घबराहट, इंदिरा गांधी का अपनापन और बच्चन साहब की सीख उनकी यादों का अहम हिस्सा बन गए. यही वजह है कि कई दशक बाद भी सोनिया गांधी ने अपनी प्रेम कहानी और भारत में शुरुआती जिंदगी का जिक्र करते हुए बच्चन परिवार को इतने आत्मीय ढंग से याद किया है.

Also Read: सोनिया गांधी ने खोले मोदी से राजनीतिक रिश्तों के राज, 'बिलॉन्गिंग' में लिखा- 'नमस्ते के बाद नजरें चुरा लेते हैं पीएम'