national
राहुल गांधी से पहले भी एक बेटे की मां बनी थीं सोनिया, जन्म के अगले दिन मौत, किताब में सुनाईं दर्दनाक कहानी

Sonia Gandhi Book: तारीख थी 18 जनवरी 1969. गांधी परिवार में खुशियों का माहौल था. सोनिया गांधी ने अपने पहले बच्चे को जन्म दिया था. राजीव गांधी पिता बने थे, संजय गांधी चाचा और इंदिरा गांधी पहली बार दादी. लेकिन किसे पता था कि जिस नन्हे मेहमान के आने से पूरा परिवार खुशी में डूबा था, वह महज एक दिन बाद दुनिया को अलविदा कह देगा. समय से दो महीने पहले जन्मे बेटे की मौत ने सोनिया और राजीव को भीतर तक तोड़ दिया था. दोनों एक-दूसरे से लिपटकर फूट-फूटकर रोए थे. दुख यहीं खत्म नहीं हुआ. बच्चे को अंतिम विदाई देने के तरीके को लेकर भी परिवार के सामने मुश्किल खड़ी हो गई. आखिरकार राजीव और संजय गांधी ने दिल्ली के महरौली स्थित फिरोज गांधी के फार्महाउस में गुलाबी फूलों वाली एक झाड़ी के नीचे बच्चे को दफनाया. कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी ने अपने संस्मरण 'बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव' में जिंदगी के इस बेहद निजी और दर्दनाक अध्याय का खुलासा किया है.
सितंबर 1968 की वह सुबह, जब इंदिरा गांधी ने खुशी से सोनिया को लगाया था गले
सोनिया गांधी ने किताब में बताया कि सितंबर 1968 की एक सुबह उन्हें पता चला कि वह मां बनने वाली हैं. यह खबर सुनते ही गांधी परिवार में खुशी की लहर दौड़ गई. आमतौर पर गंभीर दिखाई देने वाली इंदिरा गांधी भी अपनी खुशी नहीं छिपा सकीं. उन्होंने सोनिया को गले लगाया, चूमा और उत्साह में कहा- एक बड़ा बच्चा, एक और बच्चे को जन्म देने वाला है!
परिवार में नए सदस्य के स्वागत की तैयारियां शुरू हो गईं. सोनिया गांधी ने अपनी किताब में लिखा है- गर्भावस्था के दौरान उन्हें कोई बड़ी स्वास्थ्य समस्या नहीं हुई थी. इंदिरा गांधी खुद उनके खानपान, नियमित सैर और व्यायाम का विशेष ध्यान रखती थीं. लेकिन परिवार की यह खुशी ज्यादा दिनों तक नहीं टिक सकी.
18 जनवरी 1969 को जन्मा बेटा, महज एक दिन बाद हुई मौत
सोनिया गांधी ने 18 जनवरी 1969 को सामान्य प्रसव के जरिए एक बेटे को जन्म दिया. हालांकि, बच्चे का जन्म निर्धारित समय से लगभग दो महीने पहले हो गया था. जन्म के तुरंत बाद नवजात को विशेष देखभाल के लिए इनक्यूबेटर में रखा गया. सोनिया ने बताया कि उन्होंने उसी दौरान अपने बच्चे की पहली आवाज सुनी थी. कुछ समय बाद राजीव गांधी उन्हें बेटे को दिखाने ले गए. बच्चा बेहद छोटा था, लेकिन उसके शरीर के अंग पूरी तरह विकसित थे. उसके सिर पर घने काले बाल थे और हाथों की उंगलियां लंबी और पतली थीं. सोनिया ने उस पहली मुलाकात को याद करते हुए लिखा- हम दोनों उसे देखते रहे. राजीव का हाथ मेरे कंधे पर था. हमें उससे पहली ही नजर में प्यार हो गया था. हालांकि, डॉक्टरों ने पहले ही बच्चे के जीवित रहने की संभावनाओं को लेकर चिंता जताई थी. सुबह साढ़े छह बजे राजीव ने सुनाई
वह खबर, जिसने सबकुछ बदल दिया
बेटे के जन्म के बाद सोनिया और राजीव उसकी सलामती की उम्मीद लगाए हुए थे. लेकिन अगली सुबह उनकी उम्मीदें टूट गईं. सोनिया गांधी ने अपनी किताब में लिखा कि सुबह करीब साढ़े छह बजे राजीव उनके पास आए और बताया कि उनका बच्चा अब इस दुनिया में नहीं रहा. यह सुनकर सोनिया को यकीन ही नहीं हुआ. उन्होंने लिखा- मैं बार-बार पूछती रही, नहीं, ऐसा संभव नहीं है! क्यों, क्यों?’’ सोनिया और राजीव दोनों सदमे में थे. जिस बच्चे को कुछ घंटे पहले पहली बार देखा था, उसे हमेशा के लिए खो देने का दुख असहनीय था.
हम दोनों सदमे में थे और टूट चुके थे. हमने एक-दूसरे को कसकर पकड़ लिया. मैं फूट-फूटकर रोई और राजीव भी खूब रोए.
बेटे की मौत की खबर सुनकर दौरा छोड़ अस्पताल पहुंचीं इंदिरा गांधी
जिस समय बच्चे की मौत हुई, इंदिरा गांधी दिल्ली से बाहर थीं. पोते की मौत की खबर मिलते ही उन्होंने अपना दौरा बीच में छोड़ दिया और अस्पताल पहुंच गईं. सोनिया ने किताब में लिखा कि इंदिरा गांधी ने आते ही उन्हें गले लगा लिया. उनकी आंखें भी रोने के कारण लाल और सूजी हुई थीं. वह काफी देर तक सोनिया के पास बैठी रहीं. कुछ महीने पहले जिस इंदिरा गांधी ने दादी बनने की खुशी में सोनिया को गले लगाया था, वही अब उन्हें इस गहरे दुख से उबारने की कोशिश कर रही थीं.
अंतिम संस्कार पर क्यों अड़ गई थीं सोनिया गांधी?
बच्चे की मौत के बाद परिवार के सामने उसके अंतिम संस्कार का सवाल खड़ा हो गया था. सोनिया गांधी ने अपनी किताब में इसका जिक्र करते हुए लिखा है कि हिंदू परंपरा के तहत नवजात शिशु के शव को जलाने के बजाय नदी में प्रवाहित करने की बात सामने आई थी. दूसरी ओर, ईसाई और पारसी कब्रिस्तानों में बच्चे को दफनाने की व्यवस्था भी संभव नहीं हो पा रही थी. लेकिन सोनिया अपने बच्चे को नदी में प्रवाहित करने के लिए बिल्कुल तैयार नहीं थीं. उन्हें दिल्ली के ओखला बैराज में देखा गया एक भयावह दृश्य याद आ गया था. वहां उन्होंने कूड़े के ढेर के पास एक शव को आवारा कुत्तों द्वारा नोचे जाते देखा था.
उस घटना की याद ने उन्हें अंदर तक डरा दिया था. उन्होंने अपनी किताब में लिखा- मैंने कहा, नहीं! चाहे कुछ भी हो जाए, मैं अपने बच्चे को नदी में नहीं बहाने दूंगी. सोनिया के लिए यह कल्पना भी असहनीय थी कि जिस बच्चे को जीने का अवसर नहीं मिला, उसके पार्थिव शरीर के साथ ऐसा कुछ हो सकता है.
गुलाबी बोगनवेलिया के नीचे राजीव और संजय ने दफनाया था नन्हा बच्चा
आखिरकार परिवार ने बच्चे को दिल्ली के महरौली स्थित फिरोज गांधी के फार्महाउस में दफनाने का फैसला किया. सोनिया के मुताबिक, राजीव गांधी और उनके छोटे भाई संजय गांधी ने खुद बच्चे को दफनाने की जिम्मेदारी निभाई. फार्महाउस की चारदीवारी के भीतर बाईं ओर गुलाबी बोगनवेलिया की एक खूबसूरत झाड़ी थी. उसी के नीचे गहरी कब्र खोदी गई.
राजीव और संजय ने वहीं बच्चे को अंतिम विदाई दी.
सोनिया ने बताया कि आने वाले कई सालों तक जब भी परिवार का कोई सदस्य उस जगह जाता, तो बच्चे की याद में वहां एक फूल रखकर आता था. गुलाबी फूलों वाली वह झाड़ी परिवार के लिए एक ऐसी याद बन गई, जिससे उनके पहले बच्चे की स्मृतियां जुड़ी रहीं.
बेटे को खोने के बाद अपराधबोध और गहरे दुख में डूब गई थीं सोनिया
सोनिया गांधी ने स्वीकार किया कि पहले बच्चे की मौत के बाद वह लंबे समय तक गहरे मानसिक और भावनात्मक संकट से गुजरती रहीं. उन्हें उदासी, हीनभावना और अपराधबोध परेशान करता था. हालांकि, गर्भावस्था में उन्हें कोई विशेष परेशानी नहीं हुई थी और परिवार ने उनका पूरा ध्यान रखा था, फिर भी वह खुद को इस दुख से आसानी से बाहर नहीं निकाल पा रही थीं. एक मां के रूप में अपने बच्चे को खो देने की पीड़ा उनके लिए बेहद गहरी थी.
विपक्षी अखबार की एक टिप्पणी ने जख्म और गहरा कर दिया
बेटे की मौत के बाद सोनिया को एक और ऐसी घटना का सामना करना पड़ा, जिसने उन्हें भीतर तक आहत किया. न्यूज एजेंसी एएनआई की रिपोर्ट के मुताबिक उन्होंने अपनी किताब में लिखा कि उस कठिन समय में एक दक्षिणपंथी विपक्षी अखबार में उनके परिवार को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी प्रकाशित की थी. लेख में कथित तौर पर लिखा गया था कि इंदिरा गांधी एक ‘नाजायज बच्चे की दादी’ बनने में नाकाम रही हैं. सोनिया ने लिखा है कि यह टिप्पणी उनके लिए बेहद तकलीफदेह थी. वह समझ नहीं पा रही थीं कि किसी परिवार के इतने गहरे व्यक्तिगत दुख के बीच कोई इतनी क्रूर बात कैसे लिख सकता है. उन्होंने अपने संस्मरण में बताया कि इन शब्दों ने उनके दिल पर ऐसा जख्म छोड़ा, जिसे भुलाना आसान नहीं था.
अक्टूबर 1969 में फिर मिली मां बनने की खबर, लेकिन इस बार खुशी के साथ डर भी था समय बीतने के साथ सोनिया धीरे-धीरे इस सदमे से उबरने लगीं. फिर अक्टूबर 1969 में उनकी जिंदगी में एक नई उम्मीद आई. उन्होंने राजीव गांधी को बताया कि वह दोबारा गर्भवती हैं. यह खबर दोनों के लिए खुशी लेकर आई, लेकिन पहले बच्चे को खोने की याद अब भी उनके मन में ताजा थी. सोनिया खुश थीं, मगर इस बार मन में आशंका भी थी. पहले हुए हादसे के कारण वह आने वाले बच्चे को लेकर चिंतित रहती थीं.
19 जून 1970 को राहुल गांधी के जन्म से लौटीं खुशियां
आखिरकार 19 जून 1970 को सोनिया गांधी ने राहुल गांधी को जन्म दिया. पहले बेटे की असमय मौत के बाद राहुल का जन्म सोनिया और राजीव के जीवन में नई खुशी लेकर आया. सोनिया ने अपने संस्मरण में इन घटनाओं का जिक्र करते हुए एक ऐसी निजी कहानी सामने रखी है, जो लंबे समय तक सार्वजनिक चर्चा से दूर रही थी. उनकी यादों में सितंबर 1968 में मां बनने की पहली खुशी, जनवरी 1969 में बेटे को खोने का दर्द, महरौली के फार्महाउस में हुई अंतिम विदाई और फिर राहुल गांधी के जन्म तक का भावनात्मक सफर दर्ज है.
Also Read: 'एक साल बाद राजीव से मिली तो बोल नहीं पाई...', सोनिया गांधी की पहली भारत यात्रा, बच्चन परिवार का घर और यादें