समाचार · छत्तीसगढ़
दुकान का ताला तोड़कर डेढ़ लाख की चोरी:बलरामपुर में थाने से 500 मीटर दूर घटना, सीसीटीवी में कैद हुई वारदात
बलरामपुर जिला मुख्यालय में चोरों ने पुलिस थाने से महज 500 मीटर दूर स्थित दुकान को निशाना बनाया। सोमवार रात चोरों ने प्रकाश फूल सजावट केंद्र और चाय दुकान के बाहर लगा ताला तोड़कर दराज में रखे करीब डेढ़ लाख रुपए पार कर दिए। चोरी की वारदात दुकान में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने में जुटी है। दुकान संचालक विकास मालाकार ने बताया कि वे रोज की तरह रात करीब 10 बजे दुकान बंद कर घर चले गए थे। मंगलवार सुबह करीब 6 बजे जब दुकान पहुंचे तो बाहर का ताला टूटा हुआ मिला। अंदर जाकर देखा तो दराज में रखे करीब डेढ़ लाख रुपए गायब थे। इसके बाद उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। CCTV फुटेज से चोर की तलाश सूचना मिलते ही थाना प्रभारी सहित पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। बताया जा रहा है कि चोरी की पूरी वारदात दुकान में लगे CCTV कैमरे में कैद हुई है। पुलिस फुटेज की मदद से चोर की पहचान करने और उसकी तलाश में जुटी है। संदिग्ध लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।