समाचार · पंजाब
बहादुरके रोड सब्जी मंडी में ‘गंदगी' नोटिस के बाद भी नहीं सुधरे हालात
| लुधियाना दिवाली के त्योहार पर जहां शहर के लोगों ने अपने घर, दुकान और फैक्ट्रियों की सफाई कर चमका दिए, वहीं बहादुरके रोड स्थित शहर की सब्जी मंडी में सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई है। मंडी में पिछले एक सप्ताह से सफाई नहीं हुई और दिवाली बीत जाने के बाद भी जगह-जगह कचरे के ढेर लगे हुए हैं। हालात ऐसे हैं कि दुकानदारों को गंदगी और बदबू के बीच बैठकर फल और सब्जियां बेचनी पड़ रही हैं। इससे मंडी में आने वाले ग्राहकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पिछले मार्च से लेकर अब तक मार्केट कमेटी सफाई ठेकेदार को कार्रवाई के नाम पर सिर्फ नोटिस जारी कर रही है। दूसरी तरफ आरोप है कि ठेकेदार को हर महीने लाखों रुपए सफाई के नाम पर दिए जा रहे हैं, जबकि मंडी में सफाई तक नहीं हो रही। दिवाली जैसे बड़े त्योहार पर भी मंडी की सफाई नहीं करवाई गई। मंडी के दुकानदार विनोद ने बताया कि सफाई व्यवस्था को लेकर वह मेयर, विधायक, मार्केट कमेटी के अधिकारियों और डीसी तक शिकायत भेज चुके हैं, लेकिन आज तक कोई सुनवाई नहीं हुई। उन्होंने आरोप लगाया कि मार्केट कमेटी के कुछ अधिकारी ठेकेदार के साथ मिले हुए हैं। यही वजह है कि सफाई नहीं होने के बावजूद ठेकेदार को भुगतान किया जा रहा है। कार्रवाई के नाम पर केवल नोटिस जारी कर औपचारिकता पूरी कर दी जाती है। इस संबंध में जब मार्केट कमेटी के सचिव से बात की गई तो उन्होंने कहा कि सफाई नहीं होने पर ठेकेदार को नोटिस जारी किया हुआ है। ठेकेदार के पास कर्मचारी कम हैं और उसके पास कोई दूसरा रास्ता नहीं है। इससे ज्यादा वह कुछ नहीं कर सकते। ठेकेदार के पास कर्मचारी कम, हम कुछ नहीं कर सकते : सचिव