समाचार · पंजाब
रोशनी और फूलों से सजे गुरुद्वारे, संगत ने दीप जलाकर की अरदास
| लुधियाना बंदी छोड़ दिवस और दिवाली का पर्व विभिन्न गुरुद्वारा साहिबों में श्रद्धा के साथ मनाया गया। शहर के प्रमुख गुरुद्वारों को रोशनी और फूलों से सजाया गया। शाम के समय संगत ने पहुंचकर दीपमाला की, गुरबाणी का सिमरन किया और कई स्थानों पर मिठाई के प्रसाद का लंगर भी लगाया गया। दुगरी स्थित गुरुद्वारा श्री सुखमणि साहिब में निशान साहिब के चारों ओर फूलों की रंगोली तैयार की गई। बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों ने मिलकर दीप जलाए। गुरुद्वारा साहिब के प्रधान अरविंदर सिंह संधू ने संगत को शुभकामनाएं दीं। बीआरएस नगर ई-ब्लॉक के गुरुद्वारा श्री सिंह सभा में भी बड़ी संख्या में संगत नतमस्तक हुई। श्री दरबार साहिब के हजूरी रागी जत्थों ने गुरबाणी कीर्तन प्रस्तुत किया। गुरुद्वारा कमेटी के प्रधान गुलबहार सिंह गुल्लू ने बंदी छोड़ दिवस की बधाई दी। गुरुद्वारा शहीद बाबा दीप सिंह में कीर्तन समागम के साथ दरबार हॉल को विदेशी फूलों से सजाया गया। संगत ने चौक में दीपमाला की और आतिशबाजी की। प्रधान सुरिंदर पाल सिंह बिंद्रा, सेक्रेटरी सुखविंदर पाल सिंह सरना, नवप्रीत सिंह बिंद्रा, हरप्रीत सिंह राजधानी और अमरजीत सिंह टिक्का ने रागी जत्थों को सिरोपा देकर सम्मानित किया। गुरुद्वारा शहीद बाबा दीप सिंह चौक पर संगत दीप माला करती हुई गुरुद्वारा श्री सिंह सभा बीआर एस नगर में दीप माला करते हुए।