Monday, 30 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · हरियाणा

सोनीपत में ट्रक ने दिव्यांग युवक को कुचला:दुकान से सामान लेने घर से निकला था; इलाज के दौरान हुई मौत

INT News29 November 2026 at 10:58 pm

सोनीपत जिले के नाथूपुर गांव में महालक्ष्मी चौक के पास ट्रक की टक्कर से घायल 22 वर्षीय दिव्यांग युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। वह घर से दुकान पर सामान लेने निकला था। कुंडली थाना पुलिस ने उसकी मां के बयान पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मृतक की मां इंद्रावती मूल रूप से उत्तर प्रदेश के कुशीनगर की रहने वाली हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि वह परिवार के साथ नाथूपुर के एचएसआईआईडीसी इलाके में एक पंखा फैक्टरी के पास रहती हैं।

शिकायत के मुताबिक, इंद्रावती का बेटा हितेश एक हाथ से दिव्यांग था। शनिवार को वह घर से दुकान पर सामान लेने निकला था। महालक्ष्मी चौक पर तेज रफ्तार ट्रक ने उसे टक्कर मार दी।

हादसे में हितेश गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे पहले नागरिक अस्पताल सोनीपत ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर उसे पीजीआई रोहतक भेजा गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

थाना प्रभारी रवि ने बताया कि सड़क हादसे में युवक की मौत हुई है। इंद्रावती के बयान पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।