समाचार · मध्य प्रदेश
तालाब से सिंचाई को लेकर विवाद, मां-बेटे के सिर फूटे:आदिवासियों को पानी लेने से रोका, छिंदवाड़ा में 4 लोगों पर केस
छिंदवाड़ा जिले में रविवार रात 8 बजे खेत के पास बने तालाब से पानी लेने को लेकर दो पड़ोसी परिवारों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मामला मारपीट तक जा पहुंचा। इस हमले में मां-बेटे घायल हो गए। दोनों के सिर में गंभीर चोटें आई हैं और हाथ-पैर में भी चोट लगने की बात सामने आई है। घटना के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया और आदिवासी समुदाय के कुछ लोग आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग लेकर थाने पहुंचे। किस वजह से हुआ विवाद टीआई सतीश उइके ने बताया कि यह तालाब सरकारी और निजी जमीन पर बना हुआ है, जिसमें अजीत रघुवंशी की निजी जमीन भी शामिल बताई जा रही है। अजीत रघुवंशी का कहना था कि पहले वह अपनी गेंहू और सरसों की फसलों को पानी देगा उसके बाद आदिवासी पानी दे सकते हैं, इस पर आदिवासी समुदाय के लोगों ने विरोध किया। तालाब से पानी लेने को लेकर करीब चार-पांच दिन पहले भी दोनों पक्षों में झगड़ा हुआ था। इस घटना में रितेश और उसकी मां रेखा बाई ध्रुवे घायल हो गए। बताया गया है कि दोनों पक्ष आपस में पड़ोसी होने के साथ खेतों के भी पड़ोसी हैं। आरोपी अजीत सिंह रघुवंशी के परिवार का कहना है कि रविवार को आदिवासी पक्ष के लोग तालाब पर मछली पकड़ने आए, इसी दौरान उन्होंने गाली-गलौज की, जिसको लेकर ये विवाद हुआ है। चार लोगों को बनाया आरोपी इस मामले में अजीत सिंह रघुवंशी, अनुज रघुवंशी उर्फ लल्ला, रामदास विश्वकर्मा और मनीराज उइके को आरोपी बनाया गया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 296, 115, 351(3), 3(5) और एससी-एसटी एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। धाराएं बढ़ाने की मांग लेकर थाने पहुंचे लोग घटना के बाद आदिवासी समुदाय के कुछ लोग थाने पहुंचे और मामले में धाराएं बढ़ाने के साथ आरोपियों पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की। फिलहाल पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मेडिकल रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।