समाचार · झारखंड
Watch Video: रामगढ़ स्कॉर्पियो हादसा: टॉर्च की रोशनी में निकाले गये रोते बच्चे, अस्पताल पहुंचने से पहले 4 की मौत

रामगढ़: रामगढ़-हजारीबाग एनएच-33 पर पैंकी गांव के पास हुए स्कॉर्पियो हादसे के बाद घटनास्थल पर सबसे पहले पहुंचे स्थानीय लोगों और पुलिस पेट्रोलिंग टीम ने बचाव अभियान शुरू किया. क्षतिग्रस्त स्कॉर्पियो के अंदर से दो बच्चों के रोने की आवाज सुनाई दे रही थी. पेट्रोलिंग टीम के एएसआई राजेश कुमार ने टॉर्च की रोशनी में दोनों बच्चों को बाहर निकाला. इस दौरान एंबुलेंस की व्यवस्था की गयी, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही दो बच्चों समेत चार लोगों की मौत हो गयी.
अंधेरे में टॉर्च की रोशनी से बच्चों को निकाला
हादसे की सूचना मिलने के बाद तीन स्थानीय लोग और पुलिस पेट्रोलिंग वाहन सबसे पहले मौके पर पहुंचे थे. स्कॉर्पियो के अंदर से बच्चों के रोने की आवाज सुनकर पेट्रोलिंग टीम के एएसआई राजेश कुमार वाहन के पास पहुंचे और उन्हें निकालने का प्रयास किया. दुर्घटना में स्कॉर्पियो के एयरबैग भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गये थे. घना अंधेरा होने के कारण टॉर्च की रोशनी में दोनों बच्चों को बाहर निकाला गया.
पेट्रोलिंग टीम के अन्य पुलिसकर्मी एंबुलेंस बुलाने में जुट गये. मौके पर 112 एंबुलेंस, एनएचएआइ की एंबुलेंस और दो निजी एंबुलेंस बुलायी गयीं. सबसे पहले पहुंची एंबुलेंस में सुमन शर्मा दो बच्चों और दो अन्य लोगों को लेकर सदर अस्पताल रामगढ़ के लिए रवाना हुए. हालांकि, अस्पताल पहुंचने से पहले ही चारों की मौत हो गयी. इसके बाद पुलिस पेट्रोलिंग टीम और मौके पर पहुंचे चार-पांच अन्य लोगों ने मिलकर स्कॉर्पियो में फंसे दस लोगों को बाहर निकाला और एंबुलेंस से सदर अस्पताल भेजा.
एक घंटे तक एनएच पर लगा रहा जाम
हादसे के बाद स्कॉर्पियो सड़क के बीचोंबीच क्षतिग्रस्त हालत में पड़ी थी. इस कारण रामगढ़-हजारीबाग एनएच-33 पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई और करीब एक घंटे तक जाम लगा रहा. मौके पर मौजूद एएसआई राजेश कुमार के अनुसार, स्कॉर्पियो की टक्कर सड़क के बीच चल रहे ट्रक से हुई थी. जाम में फंसे कई वाहन चालक भी मदद के लिए पहुंचे और शवों को एंबुलेंस तक पहुंचाने में सहयोग किया. सुबह क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त स्कॉर्पियो को हटाकर थाना परिसर में रखा गया.
स्कूल की गाड़ी छोड़ निजी स्कॉर्पियो से जा रहे थे सभी
हादसे में स्कॉर्पियो चालक नंदन कुमार की भी मौत हो गयी. उनके भाई चंदन कुमार सदर अस्पताल पहुंचे. उन्होंने बताया कि रामगढ़ एसपी मुकेश कुमार लुणायत ने फोन कर दुर्घटना की जानकारी दी थी. चंदन के अनुसार, नंदन विवेकानंद के निजी स्कूल में चालक के रूप में काम करते थे और उन्हें गाड़ी चलाने का शौक था.
चंदन ने बताया कि स्कूल संचालक विवेकानंद ने नंदन को रजरप्पा ले जाने के लिए अपना निजी स्कॉर्पियो लाने को कहा था. नंदन ने कई बार स्कूल की गाड़ी से चलने की बात कही, लेकिन विवेकानंद ने उनकी निजी स्कॉर्पियो लाने पर जोर दिया. इसके बाद नंदन स्कॉर्पियो लेकर निकले, जिसमें सभी लोग सवार थे.
मुआवजे के लिए परिवार में सिर्फ सौतेला भाई बचा
हादसे में स्कूल संचालक विवेकानंद की भी मौत हो गयी. उनके साले महेश प्रसाद सदर अस्पताल पहुंचे थे. उन्होंने बताया कि मुआवजा लेने के लिए परिवार में कोई नहीं बचा है. केवल एक सौतेला भाई पंकज मौजूद है. इस पर रामगढ़ एसडीओ कृष्ण मुरारी तिर्की ने महेश प्रसाद से पंकज कुमार का आधार कार्ड और अन्य जरूरी कागजात मांगे.
दोस्त के परिवार के साथ रजरप्पा जा रहे थे विवेकानंद
मृतक विवेकानंद के दोस्त मुकेश कुमार मेहता थे. बताया गया कि विवेकानंद अपनी पत्नी के शिक्षिका बनने की खुशी और मन्नत पूरी होने पर रजरप्पा मंदिर जा रहे थे. वह अपने दोस्त मुकेश कुमार मेहता के पूरे परिवार को भी साथ लेकर निकले थे. हादसे में मुकेश कुमार मेहता के परिवार के चार सदस्यों की मौत हो गयी, जिनमें उनकी पत्नी और दो बच्चे भी शामिल हैं.