समाचार · छत्तीसगढ़
रायपुर में सजा लोककला, साहित्य और संस्कृति का मंच:'उजियार' कार्यक्रम में ओपन माइक, लोकगीत, पारंपरिक नृत्यों की प्रस्तुति; वर्कशॉप भी हुई
रायपुर के टिकरापारा स्थित सिद्ध श्री हरदेव लाला मंदिर परिसर में शनिवार को ‘उजियार… हमर चिन्हारी के’ सांस्कृतिक तिहार का आयोजन किया गया। इसमें लोककला, साहित्य, चित्रकला और पारंपरिक नृत्य की प्रस्तुतियां हुईं। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कलाकार, साहित्यकार और संस्कृति प्रेमी शामिल हुए। आयोजन में लोककला प्रदर्शनी, चित्रकला, किताब कोठी और स्केच आर्ट कार्यशाला लगाई गई। लोकनृत्य कार्यशाला में प्रतिभागियों ने सुवा, कर्मा और पंथी नृत्य की जानकारी ली। देखिए ये तस्वीरें- कार्यक्रम में ‘हमर गुरतुर गोठ’ विचार गोष्ठी और ओपन माइक भी हुआ। इसके लिए 26 लोगों ने ऑनलाइन पंजीयन कराया था, लेकिन प्रस्तुति देने 43 प्रतिभागी पहुंचे। इसमें कवियों, लेखकों और वक्ताओं ने छत्तीसगढ़ी भाषा, संस्कृति और परंपराओं पर अपनी बात रखी। शाम को सांस्कृतिक संध्या हुई। इसमें सामूहिक लोकनृत्य, लोकगीत और पारंपरिक प्रस्तुतियां दी गईं। मांदर की थाप पर कलाकारों ने छत्तीसगढ़ी लोकसंस्कृति की झलक दिखाई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में दर्शक शामिल हुए। आयोजकों ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य छत्तीसगढ़ी भाषा, साहित्य, कला और परंपराओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाना है। इसके जरिए स्थानीय कलाकारों और संस्कृति से जुड़े लोगों को एक साझा मंच देने की कोशिश की गई।