समाचार · मध्य प्रदेश
ग्वालियर में बदला स्कूलों का समय:सुबह 9 बजे के बाद लगेंगे; स्वेटर के रंग या ड्रेस कोड की बाध्यता नहीं
ग्वालियर जिले में लगातार बढ़ रही ठंड और सुबह के समय गिरते तापमान को देखते हुए जिला प्रशासन ने स्कूली बच्चों और अभिभावकों को बड़ी राहत दी है। कलेक्टर रुचिका चौहान ने आदेश जारी कर जिले के सभी सरकारी और प्राइवेट स्कूलों के समय में बदलाव कर दिया है। नए आदेश के मुताबिक, 1 दिसंबर से नर्सरी से लेकर 12वीं तक की सभी कक्षाएं सुबह 9 बजे के बाद ही संचालित की जाएंगी। हर दिन के साथ घट रहा तापमान ग्वालियर में रात का तापमान हर दिन के साथ घट रहा है। फिलहाल रात का तापमान (न्यूनतम तापमान) 10 से 11 डिग्री के आसपास बना हुआ है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि दिसंबर के पहले सप्ताह में यह तापमान गिरकर 6 से 7 डिग्री सेल्सियस के आसपास आ जाएगा। ऐसे में स्कूल जा रहे बच्चों को कोई परेशानी न हो इसलिए ग्वालियर कलेक्टर ने स्कूल के समय में बदलाव का बड़ा फैसला लिया है। स्वेटर के रंग को लेकर स्कूल नहीं बना सकेंगे दबाव समय बदलने के साथ ही कलेक्टर ने निजी स्कूलों की मनमानी पर भी लगाम लगाई है। जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) को जारी निर्देशों में स्पष्ट किया गया है कि कोई भी स्कूल बच्चों को किसी विशेष रंग (कलर) या तय ड्रेस कोड के ही गर्म कपड़े पहनकर आने के लिए बाध्य नहीं करेगा। ठंड से बचने के लिए बच्चों के पास घर में जो भी गर्म कपड़े उपलब्ध हैं, वे उन्हें पहनकर स्कूल जा सकेंगे। आदेश के मुख्य बिंदु DEO को सख्ती से पालन कराने के निर्देश कलेक्टर ने जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया है कि जिले के हर स्कूल में इन आदेशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराया जाए। प्रशासन के इस फैसले से कड़ाके की ठंड में सुबह-सुबह ठिठुरते हुए स्कूल जाने वाले हजारों नौनिहालों को बड़ी राहत मिली है।