Monday, 30 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · झारखंड

रांची के कई इलाकों में सोमवार को बिजली रहेगी गुल, इस वजह से आपूर्ति होगी बाधित

INT News29 November 2026 at 11:08 pm

रांची : राजधानी रांची के कई इलाकों में सोमवार, 30 नवंबर को बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी. बिजली विभाग की ओर से कोकर और डोरंडा विद्युत आपूर्ति अवर-प्रमंडल के अंतर्गत अलग-अलग फीडरों में मरम्मत और तकनीकी कार्य कराया जायेगा. इस कारण संबंधित क्षेत्रों में निर्धारित समय तक बिजली नहीं रहेगी.

लोवाडीह फीडर में सुबह 11 से दोपहर तीन बजे तक कटौती

विद्युत आपूर्ति अवर-प्रमंडल, कोकर के अंतर्गत विद्युत शक्ति उपकेंद्र नामकुम से निकलने वाले 11 केवी लोवाडीह फीडर में सुबह 11 बजे से दोपहर तीन बजे तक बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी. इस दौरान दुर्गा सोरेन चौक के पास 11 केवी लाइन की यूटिलिटी शिफ्टिंग का कार्य किया जायेगा. इससे लोवाडीह चौक, साई धर्मशाला के आसपास और हाइ टेंशन क्वार्टर दुर्गा सोरेन चौक सहित आसपास के इलाके प्रभावित रहेंगे.

ये भी पढ़ें... परिसीमन बिल पर कांग्रेस ने मांगा JMM का साथ, झारखंड प्रभारी के राजू ने CM हेमंत से की अपील

डोरंडा में दो फीडरों में अलग-अलग समय पर कटौती

विद्युत आपूर्ति अवर-प्रमंडल, डोरंडा के अंतर्गत आरडीएसएस योजना के तहत एबी केबलिंग का कार्य किया जायेगा. इसके कारण दो फीडरों से जुड़े इलाकों में बिजली आपूर्ति बंद रहेगी.

एसओपी फीडर: सुबह 10:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक दो डीटीआर की बिजली आपूर्ति बंद रहेगी. इससे परासटोली, उरांव कोचा एसओपी, 104 बिल्डिंग, सरकारी अस्पताल डोरंडा और आसपास के इलाके प्रभावित होंगे.

अमरावती फीडर: दोपहर दो बजे से शाम पांच बजे तक एक डीटीआर की बिजली आपूर्ति बंद रहेगी. इससे अमरावती शिव मंदिर, मीरा लॉज और आसपास के क्षेत्रों में बिजली नहीं रहेगी. बिजली विभाग ने संबंधित क्षेत्रों के उपभोक्ताओं से निर्धारित समय को ध्यान में रखते हुए जरूरी कार्य पहले ही निबटा लेने की अपील की है.