Monday, 30 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · झारखंड

रामगढ़ हादसे में जान गंवाने वालों के शव बिहार रवाना, विवेकानंद-अमृता की मौत से दो स्कूलों में मातम, Watch Video

INT News29 November 2026 at 11:32 pm

रामगढ़: रामगढ़ सड़क हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के शवों का रविवार को सदर अस्पताल के पोस्टमार्टम हाउस में पोस्टमार्टम कराया गया. इसके बाद रविवार शाम सभी शव बिहार के नालंदा जिले के जंघारो और शिलाव के काढ़ाडीह भेज दिये गये. उधर, गांवों में परिजन और ग्रामीण शवों के पहुंचने का इंतजार कर रहे थे. लोग फोन के माध्यम से रामगढ़ सदर अस्पताल पहुंचे ग्रामीणों से शवों को रवाना किये जाने की जानकारी ले रहे थे.

विवेकानंद और अमृता की मौत से दो स्कूलों में पसरा मातम

जंघारो स्थित मां सरस्वती विद्या मंदिर के संचालक विवेकानंद और उनकी पत्नी अमृता की मौत की खबर से स्कूल के बच्चे और शिक्षक मर्माहत हैं. अमृता की छह माह पहले शिक्षिका के रूप में स्थामा के माफी गांव के स्कूल में प्रतिनियुक्ति हुई थी. वहां के बच्चे भी उनकी मौत की खबर से काफी दुखी हैं.

दोनों स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चे आसपास के मुहल्लों और टोलों के रहने वाले हैं. गांव में शिक्षकों की मौत की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटना की जानकारी लेने के लिए जुटने लगे. जब यह खबर घर-घर पहुंची, तो स्कूल में पढ़ने वाले बच्चे भी गमगीन हो गये. रविवार होने के बावजूद स्कूल के सभी शिक्षक पहुंचे और घटना पर दुख व्यक्त किया.

गांव में मातम, बाढ़ में होगा अंतिम संस्कार

स्कूल संचालक विवेकानंद और उनके रिश्तेदारों की मौत से दो परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. विवेकानंद के परिवार में मुखाग्नि देने के लिए केवल उनके सौतेले भाई पंकज मौजूद हैं. हादसे की खबर सुनने के बाद जंघारो गांव में मातम और सन्नाटा पसरा हुआ है. मुहल्ले की महिलाएं भी घटना की जानकारी मिलने पर रोने-बिलखने लगीं. ग्रामीण लगातार रामगढ़ गये लोगों से फोन पर संपर्क कर हादसे और शवों को भेजे जाने की जानकारी लेते रहे. गांव के लोगों ने सभी शवों का अंतिम संस्कार बाढ़ में करने का निर्णय लिया है.