Monday, 30 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

sports

Rising Stars Asia Cup 2026: आखिरी विकेट तक चला रोमांच, पाकिस्तान को हराकर श्रीलंका ए बना चैंपियन

INT News29 November 2026 at 11:23 pm

PAK A vs SL A Final: दोहा में खेले गए एसीसी मेंस एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 के फाइनल में ऐसा रोमांच देखने को मिला, जिसने एक-एक गेंद पर दर्शकों की सांसें थामे रखीं. पाकिस्तान ए की टीम जीत के बेहद करीब पहुंच गई थी, लेकिन लाहिरू समराकून और गरुका संकेथ ने आखिरी विकेट पर बाजी पलट दी. श्रीलंका ए ने 217 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए 41.3 ओवर में 220/9 रन बनाए और पाकिस्तान को एक विकेट से हराकर तीसरी बार खिताब अपने नाम कर लिया.

पाकिस्तान ए ने बनाए थे 216 रन

खिताबी मुकाबले में पाकिस्तान ए के कप्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया. हालांकि, टीम के बल्लेबाज नियमित अंतराल पर विकेट गंवाते रहे. इसके चलते पाकिस्तान की पूरी टीम निर्धारित 50 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 216 रन ही बना सकी. इस तरह श्रीलंका ए को चैंपियन बनने के लिए 217 रन का लक्ष्य मिला.

एक विकेट से श्रीलंका ए ने जीता खिताब

217 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंका ए की टीम को भी जीत के लिए काफी संघर्ष करना पड़ा. मुकाबला आखिरी समय तक रोमांचक बना रहा और एक समय मैच का नतीजा आखिरी गेंद तक जाने की स्थिति बन गई थी. श्रीलंका को जीत के लिए एक रन की जरूरत थी, जबकि पाकिस्तान को एक विकेट की तलाश थी.

हालांकि, लाहिरू समराकून ने हसन नवाज की गेंद पर चौका जड़कर श्रीलंका ए की जीत पक्की कर दी. टीम ने 41.3 ओवर में 9 विकेट पर 217 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया. इस तरह श्रीलंका ए ने पाकिस्तान ए को सिर्फ एक विकेट से हराकर राइजिंग स्टार्स एशिया कप 2026 की ट्रॉफी जीत ली. इस जीत के साथ श्रीलंका ए ने तीसरी बार राइजिंग स्टार्स एशिया कप का खिताब अपने नाम किया. इससे पहले टीम ने 2017 और 2018 में भी ट्रॉफी जीती थी.

ये भी पढ़ें: IND vs NZ 2nd Test: फ्री में कब-कहां और कैसे देखें भारत-न्यूजीलैंड का दूसरा टेस्ट? जानें डिटेल

निशान मदुष्का ने खेली 87 रनों की शानदार पारी

श्रीलंका ए की जीत में निशान मदुष्का ने अहम भूमिका निभाई. उन्होंने 87 रनों की शानदार पारी खेली, जिसमें 6 चौके और 2 छक्के शामिल रहे. वहीं, कप्तान पवन रत्नायके ने 30 रन बनाए. एक समय श्रीलंका की जीत आसान नजर आ रही थी, लेकिन मदुष्का के आउट होते ही टीम की पारी लड़खड़ा गई. देखते ही देखते श्रीलंका ने 198 रन के स्कोर पर अपना 9वां विकेट गंवा दिया.

इसके बाद लाहिरू समराकून और गरुका संकेथ ने आखिरी विकेट के लिए 22 रनों की नाबाद साझेदारी कर पाकिस्तान के हाथ से जीत छीन ली. समराकून 15 रन बनाकर नाबाद रहे, जबकि गरुका संकेथ ने नाबाद 4 रन बनाए. दोनों ने दबाव में शानदार संयम दिखाया और श्रीलंका को 41.3 ओवर में 220/9 के स्कोर तक पहुंचाकर चैंपियन बना दिया.

शाहजैब खान ने बनाए सबसे ज्यादा 60 रन

पहले बल्लेबाजी करने उतरी पाकिस्तान ए की शुरुआत अच्छी नहीं रही. माज सदाकत महज 5 रन बनाकर आउट हो गए. इसके बाद शमील हुसैन और शाहजैब खान ने दूसरे विकेट के लिए 48 रन जोड़े. शमील ने 40 रन बनाए, जबकि शाहजैब ने 91 गेंदों पर 60 रनों की पारी खेली.

हसन नवाज 9 रन बनाकर पवेलियन लौट गए. इसके बाद कप्तान अब्दुल समद ने शाहजैब के साथ 52 रनों की साझेदारी कर पारी को संभालने की कोशिश की. उन्होंने 33 रन का योगदान दिया. वहीं, रोहेल नजीर ने 43 गेंदों पर 37 रन बनाए. निचले क्रम में सुफियान मुकीम 16 रन बनाकर नाबाद रहे. इस तरह पाकिस्तान ए की टीम निर्धारित 50 ओवर में 9 विकेट पर 216 रन ही बना सकी.

ये भी पढ़ें: जडेजा बने डॉक्टर तो वैभव सूर्यवंशी ने ले ली चुटकी, इंस्टाग्राम स्टोरी पर लिख दी ऐसी बात कि हंस पड़ेंगे आप