समाचार · झारखंड
टेल्को क्लब गोलचक्कर के पास ब्रेकर पर स्किड हुई बाइक, टेंपो से कुचलकर छात्र की मौत, साथी घायल

जमशेदपुर : टेल्को थाना अंतर्गत टेल्को क्लब गोलचक्कर के पास रविवार शाम 4:15 बजे तेज रफ्तार और लापरवाही ने एक होनहार छात्र की जान ले ली. जबकि उसका एक साथी गंभीर रूप से घायल हो गया. मृतक की पहचान जोजोबेड़ा स्थित शिव निरंजन होम्स, पहलवान बगान निवासी राजवीर सिंह (20) के रूप में हुई है. वह पुणे के सिंबोसिस कॉलेज में बीकॉम (द्वितीय वर्ष) का छात्र था. वहीं, घायल युवक युवराज कुमार (19) जोजोबेड़ा के नीलकंठ अपार्टमेंट का रहने वाला है. वह एनटीटीएफ का प्रथम वर्ष का छात्र है. दुर्घटना की सूचना मिलते ही टेल्को थाना की पुलिस मौके पर पहुंची. दुर्घटनाग्रस्त मोटरसाइकिल को जब्त कर लिया. मामले की जांच जारी है.
सोमवार को पुणे लौटने की थी तैयारी
मृतक राजवीर के पिता रंजीत सिंह के अनुसार, बेटा राजवीर सिंह दुर्गा पूजा की छुट्टियों में अपने घर आया था. वह सोमवार को वापस पुणे जाने की तैयारी कर रहा था. इससे पहले रविवार शाम करीब 3:30 बजे वह अपने दोस्तों के साथ टेल्को घूमने के लिए निकला था. उसके दोस्तों ने फोन कर बताया कि राजवीर सड़क हादसे में घायल हो गया है. उसे टाटा मोटर्स ले जाया जा रहा है. इसके बाद हमलोग टाटा मोटर्स अस्पताल पहुंचे. यहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया. मोटरसाइकिल युवराज चला रहा था. गाड़ी उसी की है. राजवीर अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था. उसकी असमय मौत से माता-पिता समेत पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. घर-परिवार के सदस्यों का रो-रो कर बुरा हाल है.
जोजोबेड़ा से पांच दोस्त दो बाइकों से निकले थे
बताया जाता है कि जोजोबेड़ा से पांच दोस्त दो अलग-अलग मोटरसाइकिलों पर सवार होकर निकले थे. एक आर-15 बाइक युवराज कुमार चला रहा था. वहीं, उसके पीछे राजवीर सिंह बैठा था. वहीं, दूसरी बुलेट मोटरसाइकिल पर तीन नाबालिग साथी सवार थे. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दोनों बाइकों के बीच तेज गति से चलने के दौरान लापरवाही बरती जा रही थी. किसी ने भी हेलमेट नहीं पहना था.
स्पीड ब्रेकर पर बिगड़ा संतुलन, टेंपो की चपेट में आया छात्र
स्थानीय लोग व पुलिस के अनुसार रविवार शाम करीब 4:15 बजे जब दोनों बाइक सूरज पेट्रोल पंप की ओर से टेल्को क्लब गोलचक्कर के पास पहुंचीं. तभी तेज रफ्तार और रैश ड्राइविंग के दौरान आर-15 बाइक का स्पीड ब्रेकर पर संतुलन बिगड़ गया. बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर स्किड कर गयी. इससे बाइक चला रहे युवराज और पीछे बैठे राजवीर सड़क पर जा गिरे. इसी दौरान पीछे से आ रही एक टेंपो ने राजवीर को कुचल दिया. गंभीर चोट लगने के कारण राजवीर की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी. हादसे के बाद चालक टेंपो लेकर फरार हो गया. दोस्तों ने राजवीर और युवराज को टाटा मोटर्स अस्पताल पहुंचाया. जहां डॉक्टर ने राजवीर सिंह को मृत घोषित कर दिया. जबकि युवराज कुमार को टीएमएच रेफर कर दिया.