national
सोनिया गांधी की किताब में मिलीं 3 गलतियां, सोशल मीडिया पर यूजर्स ने उठाए सवाल

सोनिया गांधी की किताब ‘बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव’ लॉन्च हो चुकी है. 544 पन्नों की इस किताब में कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी ने अपने जीवन से जुड़े कई अनुभव और घटनाएं साझा की हैं. हालांकि, किताब के कुछ तथ्यों को लेकर विवाद शुरू हो गया है. सोशल मीडिया पर यूजर्स किताब के पन्नों की तस्वीरें साझा कर उनमें कथित गलतियों को उजागर कर रहे हैं.
अन्ना आंदोलन से RSS की स्थापना तक, इन 3 बातों पर उठे सवाल
‘Facts’ नाम के एक एक्स अकाउंट ने किताब के कुछ पन्नों की तस्वीरें पोस्ट करते हुए तीन गलतियों का दावा किया है. पोस्ट में लिखा गया है कि सोनिया गांधी की किताब जारी होने के बाद ही पाठकों ने इसमें तीन तथ्यात्मक गलतियां पकड़ ली हैं.
पहली गलती: पोस्ट के मुताबिक, किताब में अन्ना हजारे के नेतृत्व में हुए आंदोलन का साल 2012 बताया गया है, जबकि यह आंदोलन साल 2011 में हुआ था.
दूसरी गलती: किताब में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) की स्थापना 1921 में बताई गई है. जबकि संघ की स्थापना 1925 में हुई थी.
तीसरी गलती: पोस्ट में दावा किया गया है कि सोनिया गांधी ने किताब में अहमद पटेल के निधन का साल 2022 लिखा है. जबकि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अहमद पटेल का निधन 25 नवंबर 2020 को कोविड-19 संक्रमण के दौरान हुआ था.
सोशल मीडिया पर यूजर्स ने लिए मजे, कुछ ने किया बचाव
किताब में कथित गलतियों के दावे सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर यूजर्स तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं. कुछ लोग सोनिया गांधी को ट्रोल कर रहे हैं, तो कुछ उनके बचाव में भी उतर आए हैं.
ये भी पढ़ें: ऑपरेशन ब्लू स्टार पर सोनिया के खुलासे से बवाल: AAP ने बताया अप्रमाणित, BJP बोली- सत्ता की भूख
रविंद्र नाम के एक यूजर ने तंज कसते हुए लिखा, 'वैसे भी, यह एक काल्पनिक रचना है.'
वहीं, सात्विक नाम के यूजर ने लिखा, 'मुझे पूरा यकीन है कि उन्होंने यह किताब लिखने के लिए AI का इस्तेमाल किया है. लिखते समय AI ने मनगढ़ंत बातें जोड़ दी होंगी.'
इसके अलावा, ‘बुक पब्लिशिंग कोच’ नाम के एक यूजर ने किताब की फैक्ट-चेकिंग प्रक्रिया पर सवाल उठाए. यूजर ने दावा किया कि पेंगुइन किताब का विस्तृत फैक्ट-चेक करना चाहता था, लेकिन सोनिया गांधी ने इसके लिए मना कर दिया. इसके बाद पेंगुइन पीछे हट गया. यूजर के मुताबिक, हार्परकॉलिन्स ने इस किताब को प्रकाशित करने में कारोबारी मौका देखा और सीमित फैक्ट-चेकिंग के साथ इसे जल्दबाजी में छाप दिया.
ये भी पढ़ें: प्रियंका ने कांपते हुए कहा था- ‘पापा इज डेड', सुनते ही बेटी की बाहों में सिमट कर रोने लगी थीं सोनिया