Tuesday, 10 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · छत्तीसगढ़

RTE एडमिशन के नियम बदले:पहली से 5वीं तक 1 किमी, 6वीं से 8वीं तक 3 किमी के दायरे वाले बच्चों को पहले मौका

INT News10 November 2026 at 09:15 pm

छत्तीसगढ़ में RTE के तहत प्राइवेट स्कूलों में एडमिशन की प्रक्रिया अब आसान होगी। इसके लिए स्कूल शिक्षा विभाग ने नए निर्देश जारी किए हैं। अब स्कूल के आसपास तय दूरी में रहने की शर्त एडमिशन के लिए अनिवार्य पात्रता नहीं होगी, बल्कि प्राथमिकता का आधार बनेगी। यानी तय दूरी के अंदर रहने वाले बच्चों को पहले मौका दिया जाएगा। इसके बाद भी 25% आरक्षित सीटें खाली रहती हैं तो दूसरे इलाकों के पात्र बच्चों को भी एडमिशन दिया जा सकेगा। स्कूल शिक्षा विभाग ने 10 नवंबर को इस संबंध में आदेश जारी किया है। इसके तहत एडमिशन प्रक्रिया को सरल और पारदर्शी बनाने के साथ ज्यादा से ज्यादा कमजोर और वंचित वर्ग के बच्चों को RTE का लाभ देने का प्रयास किया गया है। नए निर्देश प्रदेश के सभी कलेक्टरों और जिला शिक्षा अधिकारियों को भेजे गए हैं। पहली से 5वीं तक 1 किमी के दायरे वालों को प्राथमिकता विभाग के नए निर्देशों के अनुसार, पहली से 5वीं कक्षा में एडमिशन के लिए स्कूल से 1 किलोमीटर के दायरे में रहने वाले बच्चों को पहले मौका मिलेगा। वहीं, 6वीं से 8वीं कक्षा में एडमिशन के लिए स्कूल से 3 किलोमीटर के दायरे में रहने वाले बच्चों को प्राथमिकता दी जाएगी। इन क्षेत्रों से पर्याप्त आवेदन नहीं मिलने पर दूसरे पात्र बच्चों को भी एडमिशन का मौका दिया जा सकेगा। 25% सीटें खाली रहीं तो लॉटरी से होगा चयन RTE के तहत प्राइवेट स्कूलों में 25% सीटें कमजोर और वंचित वर्ग के बच्चों के लिए आरक्षित रहती हैं। नए निर्देशों के अनुसार, तय दूरी के भीतर पर्याप्त आवेदन नहीं मिलने पर खाली सीटों को दूसरे क्षेत्रों के पात्र बच्चों से भरा जा सकेगा। इसके लिए हर मामले में सक्षम अधिकारी से अलग-अलग मंजूरी लेने की जरूरत नहीं होगी। कलेक्टर और DEO को भेजे निर्देश स्कूल शिक्षा विभाग ने RTE एक्ट 2009 की धारा 12(1)(ग) के तहत एडमिशन और धारा 12(2) के तहत स्कूलों को फीस की प्रतिपूर्ति की प्रक्रिया आसान बनाने के निर्देश दिए हैं। विभाग ने भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय के सुझावों और सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के आधार पर यह व्यवस्था लागू की है।