समाचार · झारखंड
सोनू हत्याकांड में विशाल सिंह नामजद, भाई ने बताया कैसे चली थी गोली, पढ़ें पूरी खबर

गम्हरिया : आदित्यपुर थाना क्षेत्र के सातबोहनी जमालपुर में काली पूजा पंडाल के समीप गोली मारकर सोनू कुमार की हत्या किए जाने के मामले में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है. मृतक के भाई सुमित कुमार के बयान पर विशाल सिंह के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है. प्राथमिकी में सिगरेट मांगने को लेकर हुए विवाद में विशाल सिंह पर सोनू को गोली मारने का आरोप लगाया गया है. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
तीन भाइयों और एक बहन में सबसे बड़ा था सोनू
परिजनों के अनुसार, सोनू के पिता मनोज कुमार साव लोडिंग का काम करते हैं. सोनू तीन भाइयों और एक बहन में सबसे बड़ा था और अविवाहित था. परिवार के सभी सदस्य सातबोहनी में एक साथ रहते थे. सोनू म्यूजिक सिस्टम और लाइट किराये पर देने का काम करता था. काली पूजा में भी उसी का म्यूजिक सिस्टम और लाइट लगाया गया था. बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा. इसके बाद अंतिम संस्कार किया जाएगा.
ये भी पढ़ें : Video : पूर्व सीएम अर्जुन मुंडा के आवास पर उमड़ा श्रद्धा का सैलाब, हजारों लोगों ने ग्रहण किया काली पूजा का महाप्रसाद
सुबह से साथ घूम रहे थे सोनू और विशाल
सुमित ने पुलिस को दिए बयान में बताया - सातबोहनी जमालपुर स्थित उनके घर के सामने खाली जगह पर पिछले 39 वर्षों से श्री श्री सार्वजनिक काली पूजा समिति की ओर से काली पूजा का आयोजन किया जाता है. उसका भाई सोनू समिति का सक्रिय सदस्य था. वहीं, बस्ती निवासी विशाल सिंह भी पिछले पांच वर्षों से समिति से जुड़ा था. दोनों के बीच अच्छी दोस्ती थी और पूजा की तैयारियों के दौरान साथ रहते थे. सुमित के बयान के अनुसार, नौ नवंबर की सुबह से ही सोनू और विशाल साथ घूम रहे थे. शाम करीब छह से साढ़े छह बजे के बीच उसने विशाल की कमर में पिस्टल देखी. इसके बाद विशाल ने पिस्टल दिखाने के बाद घटनास्थल के समीप एक राउंड फायरिंग भी की. उस समय सुमित पूजा का सामान लाने दुकान जा रहा था.
पंडाल के पास सिर के करीब मारी गोली
सुमित के अनुसार, शाम करीब 7.15 बजे वह अपने भाई सोनू, विशाल सिंह, अनु राम और सूरज कुमार के साथ पंडाल के समीप गुड़ की दुकान के पीछे पहुंचा था. इसी दौरान विशाल ने सोनू के सिर के पास गोली चला दी. गोली लगने से सोनू मौके पर गिर पड़ा. सुमित ने बताया कि गोली चलने की आवाज सुनकर अनु राम उसके पास पहुंचा और सिगरेट मांगने को लेकर हुए विवाद में विशाल द्वारा सोनू को गोली मारने की जानकारी दी. इसके बाद परिजन सोनू को टेंपो से टीएमएच अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया. मृतक के भाई के बयान के आधार पर पुलिस ने विशाल सिंह के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है.
घटना के बाद रात में ही किया गया प्रतिमा विसर्जन
काली पूजा की स्थापना सोनू के परिवार के सदस्यों की ओर से की गई थी. घटना के बाद पूरे क्षेत्र में मातम छा गया. पूजा समिति ने खेलकूद समेत अपने सभी कार्यक्रम स्थगित कर दिए. साथ ही रात में ही काली प्रतिमा का विसर्जन कर दिया गया.
ये भी पढ़ें : 650 लोगों के 1900 सुझावों के बाद टाटा स्टील जियोलॉजिकल पार्क की तीनों बाघिनों के नाम तय, जानें क्या रखे गए नाम