Tuesday, 10 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · पंजाब

अमृतसर में युवक को मारी गोली:साढ़े 3 हजार रुपए को लेकर विवाद, ASI के बेटे समेत 4 पर केस दर्ज

INT News10 November 2026 at 09:29 pm

अमृतसर में साढ़े 3 हजार रुपए के लेनदेन को लेकर हुए विवाद में 22 वर्षीय गगनदीप सिंह को गोली मारकर घायल कर दिया। घटना सोमवार देर रात थाना मोहकमपुरा के तहत घनैया अस्पताल के पास हुई। पुलिस ने एएसआई के बेटे समेत 4 आरोपियों पर हत्या के प्रयास का केस दर्ज किया है। परिवार के मुताबिक, संदीप सिंह और उसके दोस्त दीपक सिंह उर्फ दीपू ने सोमवार रात एक जानकार से साढ़े 3 हजार रुपए छीन लिए थे। पीड़ित ने यह बात गगनदीप को बताई। गगनदीप संदीप और दीपक को पहले से जानता था। उसने पैसे वापस दिलाने का भरोसा दिया और पीड़ित को साथ लेकर आरोपियों से बात करने पहुंचा। जांघ में गोली लगने से युवक घायल परिवार का आरोप है कि घनैया अस्पताल के पास गगनदीप ने संदीप और उसके 3 साथियों से पैसे लौटाने को कहा। इस पर संदीप भड़क गया और दोनों पक्षों के बीच कहासुनी के बाद हाथापाई शुरू हो गई। आरोप है कि इसी दौरान एक आरोपी ने पिस्तौल से गोलियां चलाईं। एक गोली गगनदीप की जांघ में लगी। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। आरोपियों में एएसआई का बेटा भी शामिल मामले में नामजद आरोपियों में संदीप सिंह भी शामिल है। बताया जा रहा है कि उसके पिता अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस के ट्रैफिक विंग में एएसआई हैं। परिवार ने आरोप लगाया कि शुरुआती जांच में पुलिस ने एएसआई के बेटे को बचाने की कोशिश की। परिवार के मुताबिक, मामला वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचने के बाद उसका नाम एफआईआर में दर्ज किया गया। पुलिस संदीप सिंह के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है। 4 आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास का केस दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।