Tuesday, 10 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · उत्तर प्रदेश

UP Voter List: वोटर लिस्ट से कट गया नाम? बेफिक्र होकर भरें Form-6, चुनाव आयोग ने खत्म किया कन्फ्यूजन, जानें क्या हैं शर्तें

INT News10 November 2026 at 09:48 pm

UP Voter List Update: उत्तर प्रदेश में मतदाता सूची को लेकर चुनाव आयोग ने पूर्व में पंजीकृत रहे मतदाताओं को बड़ी राहत दी है. विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (SIR) से पहले की मतदाता सूची में नाम दर्ज होने के बावजूद जिन लोगों का नाम वर्तमान मतदाता सूची में शामिल नहीं है, वे बिना किसी डर या संकोच के फॉर्म-6 भर सकते हैं. भारत निर्वाचन आयोग ने स्पष्ट किया है कि केवल पूर्व में मतदाता सूची में नाम दर्ज होने के आधार पर ऐसे लोगों के खिलाफ लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1950 की धारा-31 के तहत कोई कार्रवाई नहीं की जाएगी.

फॉर्म-6 भरने को लेकर दूर किया गया भ्रम

दरअसल, विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2026 से पहले मतदाता सूची में पंजीकृत रहे कई लोगों का नाम वर्तमान मतदाता सूची में शामिल नहीं है. ऐसे मतदाता अपना नाम दोबारा जुड़वाने के लिए फॉर्म-6 जमा करने से हिचक रहे थे. इसकी वजह फॉर्म-6 में पहली बार मतदाता सूची में नाम शामिल कराने से संबंधित घोषणा है. उन्हें आशंका थी कि पहले से मतदाता रहे होने के बावजूद ऐसी घोषणा करने पर उनके खिलाफ मिथ्या घोषणा के मामले में कार्रवाई हो सकती है. आयोग ने अब इस संबंध में स्थिति स्पष्ट कर दी है.

धारा-31 के तहत नहीं होगी कोई कार्रवाई

भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश के अनुसार, यदि कोई व्यक्ति विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2026 से पहले की मतदाता सूची में पंजीकृत था, लेकिन उसका नाम वर्तमान मतदाता सूची में नहीं है, तो वह निर्धारित प्रक्रिया के तहत फॉर्म-6 जमा कर सकता है. केवल इस आधार पर कि वह पहले मतदाता सूची में पंजीकृत था, उसके खिलाफ लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1950 की धारा-31 के तहत मिथ्या घोषणा के लिए कोई कार्रवाई नहीं की जाएगी.

दूसरे विधानसभा क्षेत्र में नाम दर्ज होने पर मिलेगी छूट नहीं

हालांकि, चुनाव आयोग ने इस छूट के लिए कुछ शर्तें भी निर्धारित की हैं. इसके तहत संबंधित मतदाता का नाम पहले से किसी दूसरे विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र की मतदाता सूची में पंजीकृत नहीं होना चाहिए. इसके अलावा, फॉर्म-6 में उसके द्वारा की गई घोषणा अन्य सभी दृष्टियों से विधि सम्मत होनी चाहिए. यानी इन शर्तों को पूरा करने वाले पूर्व पंजीकृत मतदाता बिना किसी संकोच के अपना आवेदन जमा कर सकते हैं.

सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों को जारी हुए निर्देश

चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुपालन के लिए उत्तर प्रदेश के सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों को निर्देश जारी किए गए हैं. उन्हें इन निर्देशों की जानकारी सभी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (ERO), सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (AERO) और अन्य संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाने को कहा गया है. साथ ही, उपलब्ध संचार माध्यमों के जरिए इन दिशा-निर्देशों का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं.

मतदाता सूची में अपना नाम जरूर जांचें

मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश ने प्रदेश के सभी पात्र नागरिकों से वर्तमान मतदाता सूची में अपना नाम जांचने की अपील की है. यदि किसी व्यक्ति का नाम पहले की मतदाता सूची में दर्ज था, लेकिन वर्तमान सूची में शामिल नहीं है, तो वह बिना किसी भय या संकोच के फॉर्म-6 जमा कर सकता है. इसके माध्यम से मतदाता सूची में अपना नाम शामिल कराने के लिए निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदन किया जा सकता है.

Must Read- महिला को उल्टा लटकाकर निजी अंगों पर बरसाए डंडे, लखनऊ में बच्चा चोरी के शक में बर्बरता की हदें पार, योगी सरकार के महिला सुरक्षा दावों पर सवाल