समाचार · हरियाणा
हिसार में ओवरब्रिज की दीवार तोड़कर हवा में लटकी कार:नीचे सड़क पर गिरा स्लैब; 4 युवक-युवतियां मौके से गायब
हिसार के पुराने रेलवे ओवरब्रिज पर एक हैरान कर देने वाला हादसा सामने आया है। यहां एक अनियंत्रित कार सेफ्टी दीवार को तोड़ते हुए पुल के किनारे हवा में लटक गई। हादसे के दौरान पुल की सुरक्षा दीवार और स्लैब का एक बड़ा हिस्सा टूटकर सीधे नीचे सड़क पर जा गिरा। गनीमत यह रही कि जिस समय मलबा नीचे गिरा, उस वक्त वहां कोई राहगीर या वाहन मौजूद नहीं था, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। हादसे के बाद पुल के ऊपर और नीचे लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। मौके पर मौजूद लोगों ने मुस्तैदी दिखाते हुए काफी मशक्कत के बाद गाड़ी को पीछे खींचकर सही सलामत पुल पर सीधा किया। कार से संदिग्ध नशीला पदार्थ बरामद प्रत्यक्षदर्शियों और शुरुआती जानकारी के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त कार में दो युवक और दो युवतियां सवार थीं। घटना के तुरंत बाद कार के अंदर से नशीला पदार्थ भी बरामद होने की बात सामने आई है। आशंका जताई जा रही है कि कार सवार नशे की हालत में गाड़ी चला रहे थे, जिसके कारण यह हादसा हुआ। युवक-युवतियों की पहचान में जुटी पुलिस घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। हालांकि, हादसे के तुरंत बाद कार में सवार युवक और युवतियां कौन थे, इसकी पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। कार नंबर और चश्मदीदों के बयानों के आधार पर सवारों की तलाश और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।