Tuesday, 10 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · झारखंड

झारखंड स्थापना दिवस पर मऊभंडार में तीन दिवसीय आदिवासी महोत्सव की तैयारी तेज, विधायक ने लिया जायजा

INT News10 November 2026 at 09:50 pm

घाटशिला : झारखंड राज्य के 26वें स्थापना दिवस के अवसर पर मऊभंडार फुटबॉल मैदान में 15 से 17 नवंबर तक तीन दिवसीय आदिवासी महोत्सव का आयोजन किया जाएगा. राष्ट्रीय आदिम सांवता एसोसिएशन (रासा) और आरडीएस फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में होने वाले इस महोत्सव की तैयारियां तेज हो गई हैं. मंगलवार को विधायक सोमेश चंद्र सोरेन ने आयोजन स्थल का निरीक्षण कर पंडाल, मुख्य मंच, अतिथियों के प्रवेश मार्ग, दर्शकों के बैठने की व्यवस्था, लाइटिंग और कंट्रोल रूम के लिए प्रस्तावित स्थानों का जायजा लिया. निरीक्षण के दौरान टाटा स्टील फाउंडेशन के शिव शंकर कंडियोंग और रितेश टुडू तथा एचसीएल के एचआर अभिषेक, साकेत सिन्हा और एजीएम (सिविल) अनिल गुप्ता मौजूद थे. पंडाल निर्माण करने वाली एजेंसी के प्रतिनिधि ने प्रस्तावित व्यवस्था का नक्शा दिखाकर मैदान में पंडाल के स्थान और आकार की जानकारी दी. विधायक ने पूरे परिसर में पर्याप्त रोशनी के लिए टावर लाइट लगाने का निर्देश दिया.

जर्जर एस्बेस्टस शीट बदलने का निर्देश

विधायक ने ताम्र प्रतिभा मंच की जर्जर एस्बेस्टस शीट का भी निरीक्षण किया. उन्होंने एचसीएल के अधिकारियों को इसे जल्द बदलने का निर्देश दिया. कहा कि यहां कई बड़े आयोजन होते हैं, इसलिए मंच की मरम्मत कराकर इसे जल्द दुरुस्त किया जाए. इसके अलावा आयोजन स्थल पर एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड और चिकित्सक की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा.

आंदोलनकारियों, शहीदों और क्षेत्र की हस्तियों का होगा सम्मान

विधायक सोमेश चंद्र सोरेन ने बताया कि उनके पिता स्वर्गीय रामदास सोरेन ने स्थापना दिवस महोत्सव की शुरुआत की थी. इस बार रासा और आरडीएस फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में इसे पहले से अलग स्वरूप देने की तैयारी है. महोत्सव में झारखंड आंदोलनकारियों, शहीदों, मांझी बाबाओं और क्षेत्र की प्रमुख हस्तियों को सम्मानित किया जाएगा. शहीदों को श्रद्धांजलि भी दी जाएगी. क्षेत्र के स्कूलों और कॉलेजों को आमंत्रित किया जा रहा है, ताकि विद्यार्थी सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से स्थापना दिवस समारोह में भागीदारी कर सकें. महोत्सव में पारंपरिक आदिवासी नृत्य-संगीत के साथ संथाली और नागपुरी कला जगत के कलाकारों को भी आमंत्रित किया जा रहा है.

ये भी पढ़ें : सोनू हत्याकांड में विशाल सिंह नामजद, भाई ने बताया कैसे चली थी गोली, पढ़ें पूरी खबर

आदिवासी खान-पान, वेशभूषा और हस्तशिल्प की लगेगी प्रदर्शनी

महोत्सव में आदिवासी खान-पान, पारंपरिक वेशभूषा, आभूषण, वाद्य यंत्र, हस्तशिल्प और औषधियों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी. इसके अलावा लोगों के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर भी लगाया जाएगा. हस्तशिल्प से जुड़े लोगों को अपने उत्पाद प्रदर्शित करने और उन्हें बढ़ावा देने का अवसर मिलेगा.

तीनों दिन अलग-अलग क्षेत्रों की हस्तियों को किया जाएगा सम्मानित

15 नवंबर को महोत्सव के पहले दिन मुख्य अतिथि के रूप में मंत्री दीपक बिरुआ और विशिष्ट अतिथि के रूप में बहरागोड़ा विधायक समीर मोहंती शामिल होंगे. इस दिन झारखंड आंदोलनकारियों को सम्मानित किया जाएगा. 16 नवंबर को मुख्य अतिथि सांसद जोबा मांझी और विशिष्ट अतिथि पोटका विधायक संजीव सरदार रहेंगे. इस दिन खेल और अन्य क्षेत्रों में उल्लेखनीय काम करने वालों को सम्मानित किया जाएगा. 17 नवंबर को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन मुख्य अतिथि तथा जुगसलाई विधायक मंगल कालिंदी विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे. अंतिम दिन भी विभिन्न क्षेत्रों में योगदान देने वाली हस्तियों को सम्मानित किया जाएगा. विधायक ने कहा कि घाटशिला, मऊभंडार से लेकर बहरागोड़ा तक के लोगों को झारखंड स्थापना दिवस मनाने के लिए दूसरे स्थानों पर नहीं जाना पड़े, इसी उद्देश्य से स्थानीय स्तर पर बड़े आयोजन की तैयारी की जा रही है. तीनों दिनों के कार्यक्रम के लिए प्रशासनिक अधिकारियों की अलग-अलग जिम्मेदारी भी तय की जा रही है.

ये रहे मौजूद

निरीक्षण के दौरान झामुमो नेता जगदीश भकत, काजल डॉन, गोपाल कोइरी, सुशील मार्डी, विक्रम बेसरा, रिंकू सिंह, आनंद गोयल, मनोज सिंह, कौशिक कुमार, शंभू जेना, रासा के सचिव कन्हाई मुर्मू, सलाहकार लखन हांसदा, अमल मुर्मू, सुनील टुडू, राजा सिंह, अंकुर कावड़ी, मदन दलाई और कुश कुमार सहित अन्य उपस्थित थे.

ये भी पढ़ें : 60 करोड़ के डिग्री कॉलेज भवन निर्माण में गड़बड़ी का आरोप, कहीं लोकल छड़ तो कहीं मिट्टीयुक्त बालू का इस्तेमाल